बरोट स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न, 50 स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान में लिया भाग

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट में 21 से 27 अक्टूबर तक आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में पाठशाला के प्रधानाचार्य थमन सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर में 50 स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर समाजसेवा का संदेश दिया।

सात दिवसीय शिविर के दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर सहित बरोट के लक्कड़ बाजार, स्कूल मार्केट, पंचायत भवन परिसर, सामुदायिक भवन और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोट में साफ-सफाई की। इसके अतिरिक्त स्वयंसेवियों ने ठंडी गुलाई स्थित पंचवटी पार्क तथा निकटवर्ती अधिगृहीत गांव कहोग में भी स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य थमन सिंह ने शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी स्वयंसेवियों और कार्यक्रम अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समाजसेवा की भावना अपनाने तथा भविष्य में भी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी स्वयंसेवियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य थमन सिंह ने शिविर के दौरान सराहनीय सेवाएं देने वाले सभी स्वयंसेवियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह में एनएसएस प्रभारी एवं गणित प्रवक्ता सुनील कटोच, महिला कार्यक्रम अधिकारी उपासना शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *