शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उदयपुर में एकलव्य विद्यालय का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ | केलांग, 29 अक्टूबर

हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने लाहौल दौरे के दौरान उदयपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा भी उनके साथ मौजूद रहीं।

शिक्षा मंत्री ने उदयपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में शिक्षकों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। शिक्षकों ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दे उनके समक्ष रखे। मंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने पढ़ाई के स्तर, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाना और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार के लिए प्रयासरत है। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।

लाहौल दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने प्रसिद्ध त्रिलोकीनाथ मंदिर और मृकुला देवी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 94 आरसीसी के ऑफिसर कमांडिंग (ओसी) मेजर पारस कोचर से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने संसारी–किलाड़–तिंदी–तांदी (एसकेटीटी) सड़क से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। शिक्षा मंत्री का यह दौरा लाहौल क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था का जायजा लेने, विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवश्यकताओं को समझने तथा स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *