सुरभि न्यूज़ ब्युरो
शिमला, 27 जनवरी
हिमाचल प्रदेश सरकार ने सेवानिवृत्त आईज देव राज शर्मा को राज्य लोक सेवा आयोग के सदस्य नियुक्त किया है। राजभवन शिमला में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर देव राज शर्मा ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के ही रहने वाले हैं और प्रदेश की सेवा करने का उन्हें सरकार ने जो मौका दिया है वह उसमें खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। भर्तियों में पारदर्शिता लाना प्राथमिकता रहेगी। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देव राज शर्मा को लोक सेवा आयोग का सदस्य बनने पर बधाई दी और कहा कि नियुक्ति से लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया में तेजी आएगी।
राजधानी शिमला के उपनगर संजौली के निवासी देवराज शर्मा को राष्ट्रपति तटरक्षक पदक भी मिल चुका है। देवराज शर्मा को 62 वर्ष की आयु पूरी होने तक नियुक्ति दी गई है। डॉ. रचना गुप्ता का सेवाकाल पूरा होने के बाद से आयोग में सदस्य का एक पद रिक्त था। वर्तमान में आयोग में अध्यक्ष के अलावा चार सदस्य है।









