सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, शिमला/कुल्लू
हिमाचल प्रदेश सरकार ने कुल्लू जिला प्रशासन में उपायुक्त की तैनाती के बाद बड़ा बदलाव करते हुए डॉ. जयबंती ठाकुर, हपास को उप-मंडलाधिकारी (नागरिक), कुल्लू के पद पर नियमित नियुक्ति दे दी है।
सरकार के कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल के आदेश पर प्रधान सचिव (कार्मिक) एम. सुधा देवी ने यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से जनहित में की है।
अब तक डॉ. जयबंती ठाकुर *सहायक आयुक्त, उपायुक्त कार्यालय कुल्लू* के पद पर कार्यरत थीं और SDO (Civil) कुल्लू का अतिरिक्त कार्यभार देख रही थीं। अब उन्हें उसी पद पर पूर्णकालिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. जयबंती ठाकुर 2025 बैच की HPAS अधिकारी हैं। युवा और तेजतर्रार अधिकारी के रूप में उनकी पहचान है। कुल्लू जैसे महत्वपूर्ण और पर्यटन दृष्टि से संवेदनशील जिले में बतौर AC to DC उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में अहम भूमिका निभाई है।
डॉ. जयबंती ठाकुर ने बीडीओ व परियोजना अधिकारी, डीआरडीए जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए विकास कार्यों व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने में अहम भूमिका निभाई है। ग्रामीण विकास, मनरेगा, आवास योजनाओं और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने में उनकी कार्यशैली की सराहना होती रही है।
कुल्लू जिला इस समय अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की तैयारियों, पर्यटन सीजन और बाढ़-भूस्खलन से हुए नुकसान के पुनर्वास कार्यों के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में एसडीएम कुल्लू का पद जिले का सबसे महत्वपूर्ण फील्ड पद माना जाता है। नियमित अधिकारी की तैनाती से प्रशासनिक निर्णयों में तेजी और आम जनता के कार्यों में सुगमता आएगी।











