Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 01 दिसंबर
जिले में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के मकसद से जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकॉर्ड) की बैठक सोमवार को उपायुक्त तोरुल एस रवीश की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक उपमंडलाधिकारी, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान नशा नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए केवल आपूर्ति को रोकना ही नहीं, बल्कि मांग को भी कम करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए बहुआयामी प्रयास करने होंगे जिससे जन-जागरूकता और पुनर्वास को एक साथ जोड़ा जाए। उन्होंने स्कुल, कॉलेज, आईटीआई जैस सभी संस्थानों में निगरानी रखने तथा जागरूकता कार्यक्रम नियमित आयोजित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गोद लिए गए स्कूलों और कॉलेजों का नियमित दौरा करें। इन दौरों के दौरान वे छात्रों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों, एनडीपीएस अधिनियम के कानूनी प्रावधानों तथा स्वस्थ जीवन शैली के बारे में जागरूक करेंगे।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के युवाओं में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इससे नशे की ओर झुकाव को रोका जा सकेगा।
उपायुक्त ने उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों से आह्वान किया कि वे नशे के खिलाफ इस लड़ाई को केवल प्रशासनिक दायरे तक सीमित न रखें, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग विशेष रूप से युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने कहा कि पुलिस विभाग और जिला प्रशासन जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सभी आवश्यक कदम सख्ती से उठाए जाएंगे और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











