प्रतिभा : छोटा भंगाल के युवराज परमार ने जूनियर राष्ट्रीय रोइंग चैंपियनशिप में रजत पदक किया अपने नाम

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

भोपाल 45 वीं जूनियर राष्ट्रीय रोइंग चैंपियनशिप में छोटाभंगाल के कोठी कोहड़ गाँव के साधारण परिवार से संबंध रखने वाले पिता संजय कुमार परमार तथा माता मधुवाला परमार के घर जन्में युवराज सिंह परमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। युवराज वर्तमान में खेलो इंडिया सेंटर चंडीगढ़ में उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं जहाँ उनकी प्रतिभा को निखारने में विशेषज्ञ कोचों और वैज्ञानिक प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

प्रतियोगिता में देशभर से आए समस्त प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच युवराज ने अद्भुत संतुलन, गति और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया है। कठिन परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और गाँव के वातावरण से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर यह उपलब्धि हासिल करना युवराज के दृढ़ संकल्प और अथक मेहनत का परिणाम है।

युवराज ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा जाया चंद और दादी खोबड़ी देवी, माता व पिता, चाचा मनोहर परमार व चाची, कोचों और चंडीगढ़ स्थित खेलो इंडिया सेंटर की बेहतरीन प्रशिक्षण व्यवस्था को दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य संभव है। युवराज परमार की इस उपलब्धी से समूची छोटा भंगाल में खुशी की लहर दौड़ी गई है।

सभी ने युवराज को इस उपलब्धि पर बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि युवराज आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन करगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *