प्रतिभा : जिला कुल्लू के बंजार की चेताली का लखनऊ में हो रही उत्तर क्षेत्रीय महिला अंतर विश्विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

बंजार/कुल्लू, 02 दिसम्बर

उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित इंटग्रल यूनिवर्सिटी में उत्तर क्षेत्रीय महिला अंतर विश्विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आगामी 13 से 17 दिसंबर तक आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की महिला वॉलीबॉल टीम में राजकीय महाविद्यालय बंजार की छात्रा चेताली का चयन हुआ है।

यह जानकारी देते हुए महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता डॉ. प्रवेश शर्मा ने बताया कि चेताली इस प्रतियोगिता की तैयारी के लिए सरदार पटेल विश्वविद्यालय द्वारा राजकीय महाविद्यालय मंडी में आयोजित हो रहे प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए आज रवाना हो गई है। यह पहला मौका है जब राजकीय महाविद्यालय बंजार की किसी महिला खिलाड़ी का चयन प्रदेश के किसी विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल टीम में हुआ है।

कुल्लू जिला बंजार के कलवारी गांव में वर्ष 2007 में कृषक हरि सिंह एवम कमला देवी के घर पैदा हुई 5 फुट 8 इंच लम्बी चैताली को वॉलीबॉल का शुरुआती प्रशिक्षण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कलवारी के डीपीई पदम ठाकुर ने सिखाया है। इससे पूर्व चैताली पश्चिमी बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय सब-जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।

बंजार महाविद्यालय में प्रवेश के बाद भी चैताली ने वॉलीबॉल का प्रशिक्षण जारी रखा एवं पिछले दिनों राजकीय महाविद्यालय हरिपुर (मनाली) में आयोजित हुई अंतर महाविद्यालय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बंजार महाविद्यालय का अटैकर के रूप में प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया जो प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम में उनके चयन का आधार बना।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार सिंह एवम स्टाफ ने शुभकामनाएं देकर चेताली को प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *