सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
कुल्लू जिला के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट देवधाम बाशिंग में हिंदी फ़िल्म जगत के प्रसिद्ध अभिनेता स्वर्गीय धर्मेंद्र देओल को उनकी जयंती के पूर्व संध्या पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का पूर्व ए.एस.पी. रविंद्र जंबाल और ही मेन धर्मेंद्र देओल के प्रशंसको के सुझाव से करवाया गया, जिसमें स्वर्गीय लीजेंड धर्मेंद्र के गीतों का सूत्रधार संगीत अकादमी के प्राचार्य पं० विद्या सागर की रहनुमाई में सूत्रधार कला संगम के कलाकारो की ओर से मंचन किया गया।
इस अवसर पर हिमाचल के सुप्रसिद्ध संगीतकार एस०डी० कश्यप द्वारा भी विशेष प्रस्तुति दी गई। सूत्रधार संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन ने जानकरी देते हुए कहा कि बीते दिन पहले धर्मेद्र जी का निधन हुआ है ऐसे में उनकी आत्मा की शांति के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि धर्मेन्द्र का कुल्लू मनाली से खास नाता रहा है और वह अक्सर यहाँ आया करते थे, ऐसे में कुल्लू घाटी के लोगों में भी उनके प्रति प्रेम है ऐसे में उनको श्रद्धांजलि देने के लिए इस संध्या का आयोजन किया गया और गीतों के माध्यम से उनको याद किया गया।
उन्होंने कहा कि 08 दिसंबर 1935 को जन्मे धर्मेंद्र का देहांत 24 नवंबर 2025 को हुआ। यह भारतीय अभिनेता, निर्माता और राजनेता थे, जिन्हें धर्मेन्द्र के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा की 6 दशकों तक उन्होंने फ़िल्म जगत में राज किया है और वह सभी के चहते रहे है। उन्हें हिंदी सिनेमा में उनके योगदान के लिए फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिला। सन् 2012 में उन्हें भारत सरकार द्वारा भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा की स्वर्गीय धर्मेंद्र के देश दुनिया ही नहीं बल्की कुल्लू घाटी में बहुत से चाहवान है और इनका कुल्लू मनाली से खास नाता रहा है। इस विशेष लगाव के चलते इनके बेटे सनी देओल ने यहाँ पर अपना दूसरा घर भी बनाया है।
इस कार्यक्रम का सम्पूर्ण मंच संचालन सुंदर श्याम महंत द्वारा बखूबी निभाया गया। इस मौके पर सूत्रधार कला संगम कुल्लू के अध्यक्ष दिनेश सेन, देवधाम रेस्टोरेंट के मालिक विजय सेन, पूर्व ए.एस.पी. रविंद्र जंबाल, सूत्रधार कला संगम के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, सचिव मंजुलता, कार्यकारिणी सदस्य कैप्टन रणधीर सल्हुरिया व धर्मेन्द्र शर्मा, दमन सौंधी सहित धर्मेन्द्र के प्रशंसक व कलाप्रेमी उपस्थित रहे ।











