पेट्रोल और डीजल पर विधवा और अनाथ सैस लगाकर जनता से सालाना 600 करोड़ से 700 करोड़ की उगाही करेगी सुक्खू सरकार – अमित सूद

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 24 मार्च

पेट्रोल और डीजल पर विधवा और अनाथ सैस लगाने के प्रदेश सरकार के फैसले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए भारतीय जनता पार्टी जिला कुल्लू अध्यक्ष अमित सूद ने बड़ा हमला किया है और आरोप लगाया है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार का एक मात्र लक्ष्य केवल आम जनता की जेब से केवल धन उगाही तक रह गया है।

उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थों पर लगने वाले करों में बहुत बड़ी कटौती कर प्रदेश की जनता को मंहगाई से बहुत बड़ी राहत दी थी। परंतु सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू एक नहीं अनेकों बार इनमें वृद्धि कर चुके हैं। पहले बिजली बिलों में मिल्क सैस और अब पेट्रोल डीजल पर नया सैस दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि पेट्रोल और डीजल में बढ़ोतरी से आम जरूरत की चीजों के दामों में बड़ा उछाल आएगा जिससे मंहगाई में कई गुना वृद्धि के कारण रोजमर्रा की चीजें महंगी होंगी जिसका सीधा असर हर परिवार के बजट पर पड़ेगा।

उन्होंने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि मात्र इस सैस को लगाने से ही प्रदेश सरकार करोड़ों रुपयों की चपत प्रदेश की जनता को लगा रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष प्रदेश में लगभग 120 से 150 करोड़ लीटर पेट्रोल और डीजल की खपत होती है और 5 रूपए सैस लगाने से कांग्रेस सरकार प्रतिवर्ष लगभग 600 से 700 करोड़ का बोझ जनता पर डाल रही है। उन्होंने कहा की पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं और सरकार लगातार एक के बाद एक जनविरोधी निर्णय ले रही है।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि लगता है कि मुख्यमंत्री की सलाहकारों की फौज केवल मुख्यमंत्री को आम जनता के ऊपर एक के बाद एक कर लगाने की ही सलाह देती है ताकि जनता की जेबों को काट कर वे अपनी जेबें भर सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार हर मोर्चे के साथ साथ आर्थिक मोर्चे पर भी पूरी तरह विफल हो चुकी है जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार अपने इस निर्णय को वापिस नहीं लेती है तो भारतीय जनता पार्टी आम जनता के साथ मिलकर आंदोलनात्मक रास्ता अपनाने को विवश होगी जिसकी जिम्मेदार केवल प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुक्खू स्वयं होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *