पिछले दस वर्षों से उप प्रधान रहे मोहर सिंह ठाकुर ने प्रधान पद के लिए ठोकी ताल, ग्रामीण विकास और जनसेवा को बनाया चुनावी मुद्दा 

Listen to this article

 

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, तीर्थन घाटी : बंजार

जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की दूर-दराज पंचायतों में पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। पंचायत स्तर पर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है। इस बार चुनावी मैदान में जहां कई युवा चेहरे अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, वहीं लंबे समय से पंचायत राजनीति और जनसेवा से जुड़े अनुभवी उम्मीदवार भी मजबूती के साथ मैदान में उतरे हैं।

इसी क्रम में तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत शिल्ली से निवर्तमान उप प्रधान मोहर सिंह ठाकुर ने प्रधान पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी ताल ठोक दी है। पंचायत क्षेत्र में मोहर सिंह ठाकुर को एक सक्रिय और जनसेवा से जुड़े प्रतिनिधि के रूप में देखा जाता है। वे पिछले लगातार दस वर्षों से उप प्रधान के रूप में पंचायत की सेवा करते आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत शिल्ली में प्रधान पद के लिए कुल पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि उप प्रधान पद के लिए भी पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। अब 15 मई के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी कि अंतिम रूप से कितने उम्मीदवार चुनाव मैदान में बने रहते हैं।

मोहर सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्हें पिछले दस वर्षों में पंचायत की जनता का भरपूर प्यार, विश्वास और सहयोग मिला, जिसके बल पर उन्होंने उप प्रधान के रूप में ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए।

उन्होंने कहा कि पंचायत में प्रधान पद आरक्षित होने के बावजूद उन्होंने पंचायत प्रधान के साथ मिलकर हर व्यक्ति और हर परिवार की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी समझा और लोगों तक विकास कार्य पहुंचाने का प्रयास किया। अब जनता के आशीर्वाद और समर्थन से उन्होंने प्रधान पद के लिए चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया है।

मोहर सिंह ठाकुर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि पंचायत की सेवा करना है। वे पंचायत में पारदर्शिता, विकास और नई सोच के साथ कार्य करना चाहते हैं ताकि हर परिवार को सम्मान और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने पंचायतवासियों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि जनता का एक-एक वोट पंचायत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।

ग्राम पंचायत शिल्ली में इस बार चुनाव को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *