क्रिकेट : जिला कुल्लू के तीर्थन घाटी में 25 मार्च से शेर-ए-सराज मेमोरियल कप सीजन-3 का आगाज, 64 टीमें लेंगी भाग, विजेता को 1,11,111 रुपये इना

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, तीर्थन घाटी गुशेनी बंजार

जिला कुल्लू की तीर्थन घाटी में स्वर्गीय दिले राम शबाब की स्मृति में आयोजित होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा सत्र 25 मार्च से नागनी खेल मैदान में शुरू होगा। प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इसका आयोजन शेर ए सिराज युवक मंडल दाड़ी नागनी और तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

स्व. दिले राम शबाब

इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत आईसीसी के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग दहिया करेंगे, जो इन दिनों तीर्थन घाटी के निजी दौरे पर हैं। वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद में मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं और क्रिकेट के वैश्विक प्रचार-प्रसार तथा बड़े टूर्नामेंटों के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके मुख्य अतिथि के रूप में आगमन से इस आयोजन को विशेष पहचान मिलने की उम्मीद है। उनके साथ पर्यटन संघ के अध्यक्ष एवं स्वर्गीय दिले राम शबाब के पोते वरुण भारती विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

स्वर्गीय दिले राम शबाब बंजार क्षेत्र के पूर्व विधायक, प्रकृति प्रेमी, लेखक और समाजसेवी थे। वे 1967 से 1977 तक लगातार दो बार विधायक रहे और “शेर-ए-सराज” के नाम से प्रसिद्ध थे। तीर्थन घाटी को हाइडल परियोजनाओं से बचाने और पर्यटन को बढ़ावा देने में उनका अहम योगदान रहा है। वर्ष 2018 में उनके निधन के बाद स्थानीय युवाओं ने उनकी स्मृति को जीवित रखने के लिए इस प्रतियोगिता की शुरुआत की।

प्रतियोगिता के मुख्य संचालक गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि इस बार कुल 64 टीमें भाग ले रही हैं। खेल मैदान को समतल कर विस्तारित किया गया है ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क 5500 रुपये निर्धारित किया गया है।

विजेता टीम को 1,11,111 रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 55,555 रुपये नकद और कप प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच, बेस्ट खिलाड़ी सहित कई आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में जिला कुल्लू की पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, विभागों और स्थानीय टीमों को आमंत्रित किया गया है।

आयोजक समिति ने तीर्थन वासिओं से अपील की है कि 25 मार्च को इस प्रतियोगिता की ओपनिंग सेरेमनी में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। आयोजन के अंत में महिला रस्साकशी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिससे खेल के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *