कुल्लू में “मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0” अभियान का आगाज : कम खर्च और आपसी सहमति से निपटेंगे न्यायालयों के लंबित मामले

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

कुल्लू : 25 अगस्त 

आम जनता को वर्षों से चल रहे अदालती चक्करों और महंगे कानूनी मुकदमों से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से कुल्लू जिले में “मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0” (Mediation for the Nation 3.0) अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई है। जिला व तालुका न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित और कम खर्चीले निपटारे के लिए यह विशेष पहल की जा रही है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), कुल्लू के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल तिवारी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को वैकल्पिक विवाद समाधान (Alternative Dispute Resolution) की ओर प्रोत्साहित करना है। जब तक न्यायालयों में लंबित उपयुक्त मामलों का पूरी तरह समाधान नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

इस अभियान के तहत ऐसे सभी नागरिक और शमनीय (समझौता योग्य) मामलों को शामिल किया गया है, जिन्हें आपसी बातचीत से सुलझाया जा सकता है। इन मामलों में वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, पारिवारिक विभाजन एवं बेदखली के मामले के लावा चेक बाउंस, ऋण वसूली (Debt Recovery), वाणिज्यिक (Commercial) विवाद और उपभोक्ता मामले सहित मोटर वाहन चालान, सेवा (Service) संबंधी मामले, भूमि अधिग्रहण और समझौता योग्य आपराधिक मुकदमे शामिल है।

इन मामलों में पूरी प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और दोनों पक्षों की सुविधानुसार आगे बढ़ती है। नियमित अदालती कार्यवाही की तुलना में इसमें समय और धन दोनों की भारी बचत होती है। एक प्रशिक्षित मध्यस्थ (Mediator) की मौजूदगी में दोनों पक्ष अपनी शर्तों पर सम्मानजनक समझौते तक पहुँचते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि वे वर्षों से लंबित मुकदमों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में खत्म करने के लिए इस अभियान का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *