जनता की समस्याओं पर संघर्ष तेज करेगी भाजपा, कांग्रेस सरकार की विफलताओं को लेकर मंडल स्तर पर होंगे प्रदर्शन – श्रीकांत शर्मा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 26 अक्तूबर

जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करेगी भाजपा, कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर मंडल स्तर पर होंगे प्रदर्शन : श्रीकांत शर्मा
कुल्लू में भाजपा जिला संगठन की बैठक में बूथ सशक्तिकरण अभियान की समीक्षा, 15 से 20 दिनों में समितियों के सत्यापन का लक्ष्य
कुल्लू, 26 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रभारी एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विफलताओं और जनता की समस्याओं को लेकर अपना संघर्ष तेज करेगी। प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा मंडल एवं जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

श्रीकांत शर्मा रविवार को कुल्लू में आयोजित भाजपा जिला संगठन की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में संगठन की कार्यप्रणाली, पदाधिकारियों की सक्रियता, बूथ समितियों के सत्यापन और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ अध्यक्षों, समिति सदस्यों और पुराने कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर व्यक्तिगत संपर्क बनाए रखना चाहिए। कार्यकर्ताओं को केवल बैठकों तक सीमित रहने के बजाय जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा।

श्रीकांत शर्मा ने बताया कि कुल्लू जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में 575 बूथ और 165 ग्राम केंद्र हैं। जिले के 12 मंडलों में विस्तारक पहुंच चुके हैं तथा बूथ सशक्तिकरण अभियान को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विस्तारक प्रत्येक बूथ पर पूरा एक दिन बिताकर घर-घर संपर्क करेंगे। इस दौरान बूथ समिति और विभिन्न मोर्चों के सदस्यों का व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुरानी सूचियों के आधार पर औपचारिकता पूरी करने के बजाय संगठन में वास्तविक सक्रियता की जांच की जानी चाहिए।

प्रदेश प्रभारी ने बूथ समितियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और अन्य संगठनात्मक इकाइयों से जुड़े कार्यकर्ताओं की जानकारी सत्यापित करने के निर्देश दिए। इस कार्य को 15 से 20 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने जिला पदाधिकारियों को विस्तारकों के कार्य की दैनिक समीक्षा करने तथा सक्रिय और निष्क्रिय बूथ समितियों एवं ग्राम केंद्र प्रमुखों की अलग-अलग सूची तैयार कर जिला अध्यक्ष को सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और वर्तमान में संगठनात्मक दायित्व से मुक्त कार्यकर्ताओं से भी संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।

कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए श्रीकांत शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता चुनावी गारंटियों के पूरा न होने से निराश है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी, बंद हुई योजनाओं, पंचायतों के विकास कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल स्थानीय समस्याओं की पहचान कर जनहित में प्रदर्शन आयोजित करेगा। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की नीतियों और विफलताओं को जनता के सामने रखेंगे तथा लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज बुलंद करेंगे।

श्रीकांत शर्मा ने प्रदेश में चिट्टे के बढ़ते कारोबार और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों पर जनजागरण अभियान चलाने और लोकतांत्रिक विरोध कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। प्रदेश प्रभारी ने केंद्र सरकार द्वारा सड़क संपर्क, स्वास्थ्य, पर्यटन और आपदा सहायता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र की योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी भी जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ-साथ जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष अमित सूद, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक लोपेंद्र, वरिष्ठ नेता अजय राणा सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *