सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
नवरात्रों के पावन अवसर पर मां भगवती की महिमा और भक्ति भावना को समर्पित भजन ‘हे पालनहार मां’ का विमोचन देव धाम बाशिंग में किया गया। सूत्रधार कला संगम कुल्लू के अध्यक्ष दिनेश सेन ने भजन का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। भजन को नवरात्रों के उपलक्ष्य पर बुडाल म्यूजिक सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है, ताकि श्रद्धालु घर बैठे मां भगवती की भक्ति में लीन होकर इसका आनंद ले सकें।
सुंदर श्याम ने जानकारी देते हुए बताया कि भजन ‘हे पालनहार मां’ को लोक गायक डी.सी. यादव ने अपनी मधुर आवाज दी है।k भजन का संगीत संदीप ठाकुर ने तैयार किया है, जबकि वीडियो एडिटिंग की जिम्मेदारी कमल ठाकुर ने निभाई है। भजन की संपूर्ण तैयारी और प्रस्तुति की व्यवस्था जीवन बुडाल ठाकुर द्वारा की गई।
विमोचन समारोह में सूत्रधार कला संगम के उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, प्राचार्य पं. विद्या सागर, डॉ. सूरत ठाकुर, धर्मेन्द्र शर्मा, डी.सी. यादव, विजय सेन, सुंदर श्याम जीवन बुडाल ठाकुर और राकेश गौरसी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने भजन की प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति, संगीत और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने वाला सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की संगीत प्रस्तुतियां धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ लोक संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
भजन के विमोचन के अवसर पर सभी ने कलाकारों और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। साथ ही उम्मीद जताई कि ‘हे पालनहार मां’ श्रद्धालुओं के बीच लोकप्रिय होगा और नवरात्रों के दौरान भक्तिमय वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। डिजिटल माध्यम से रिलीज होने के बाद अब श्रद्धालु और संगीत प्रेमी इस भजन को बुडाल म्यूजिक सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर सुन सकते हैं।











