सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग : 10 अक्टूबर
उपायुक्त किरण भड़ाना ने हरी झंडी दिखाकर किया दो दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ, ड्रिलबुरी एपिक ट्रैक पर मास्टर्स, एलीट और अंडर-19 वर्गों में मुकाबले
केलांग। लाहौल-स्पीति में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने और क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय ग्रे घोस्ट एमटीवी चैलेंज 4.0 साइकिलिंग प्रतियोगिता का शनिवार को शुभारंभ हुआ। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता के चौथे संस्करण की आधिकारिक टी-शर्ट का भी अनावरण किया।
प्रतियोगिता का आयोजन ड्रिलबुरी एपिक ट्रैक पर लापचंग, कारदंग और बरवोग गांवों के आसपास किया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर आयोजित इस प्रतियोगिता में साइकिलिस्ट अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, संतुलन और साइकिलिंग कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में मास्टर्स, एलीट और अंडर-19 वर्गों में करीब 35 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। दूसरे दिन प्रतिभागियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
2020-21 में हुई थी प्रतियोगिता की शुरुआत
साइकिलिंग प्रतियोगिता के अध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि ग्रे घोस्ट एमटीवी चैलेंज की शुरुआत वर्ष 2020-21 में हुई थी। अब यह प्रतियोगिता अपने चौथे संस्करण में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में साइकिलिंग संस्कृति को प्रोत्साहित करना, स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ना और लाहौल-स्पीति को एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में योगदान देना है।
उन्होंने कहा कि ड्रिलबुरी एपिक ट्रैक अपनी भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक विशेषताओं के कारण साइकिलिस्टों के लिए एक चुनौतीपूर्ण मार्ग है। ऐसे आयोजन प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ साहसिक खेलों में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
पारंपरिक लाहौली टोपी पहनाकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार और महासचिव अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि उपायुक्त किरण भड़ाना को पारंपरिक लाहौली टोपी पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त किरण भड़ाना ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी साइकिलिस्टों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में साहस, अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साहसिक खेलों के माध्यम से युवा अपनी शारीरिक क्षमता और आत्मविश्वास को भी मजबूत कर सकते हैं।
उन्होंने प्रतिभागियों से प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। साथ ही, उन्होंने आयोजन समिति को प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर तैनात रही, ताकि जरूरत पड़ने पर साइकिलिस्टों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया जा सके।
ग्रे घोस्ट एमटीवी चैलेंज 4.0 का आयोजन लाहौल-स्पीति में साहसिक खेलों को नई गति देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को खेल गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, चुनौतीपूर्ण पहाड़ी मार्गों और पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर प्रतिभागियों के अलावा आयोजन समिति और साइकिलिंग एसोसिएशन के विभिन्न सदस्य भी उपस्थित रहे।











