छोटा भंगाल में लोहारडी–मुल्थान सड़क का सुधारीकरण शुरू, टायरिंग और सुरक्षा दीवारों का कार्य जारी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, qबरोट।

बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र की दुर्गम छोटाभंगाल घाटी में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लोहारडी–मुल्थान सड़क मार्ग के सुधारीकरण का कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से खराब हालत में चल रहे इस सड़क मार्ग पर टायरिंग करने, सीमेंट कंक्रीट बिछाने तथा बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए डंगों का निर्माण करने सहित सुरक्षा दीवारें लगाने का कार्य किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

छोटाभंगाल तथा बड़ा भंगाल घाटी के कांग्रेस प्रभारी मदन ठाकुर ने बताया कि लोहारडी–मुल्थान सड़क मार्ग की लंबाई लगभग छह किलोमीटर है। इस सड़क का निर्माण कई दशक पहले हुआ था और वर्ष 2004 में पहली बार इस पर टायरिंग की गई थी। हालांकि, समय बीतने के साथ टायरिंग जगह-जगह से उखड़ गई, जिससे सड़क की हालत खराब हो गई थी।

उन्होंने बताया कि लगभग पांच वर्ष पहले इस सड़क पर दोबारा टायरिंग का कार्य किया गया था, लेकिन कुछ वर्षों के भीतर ही टायरिंग फिर से उखड़ने लगी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़ने और बरसात के मौसम में डंगे धंसने से लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं।

लोहारडी बस ठहराव से शुरू हुआ सुधारीकरण का कार्य

मदन ठाकुर के अनुसार, लोहारडी क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने सड़क की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए इसके सुधारीकरण की मांग उठाई थी। इसके बाद बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल और लोक निर्माण विभाग ने सड़क की स्थिति पर संज्ञान लेते हुए मरम्मत एवं सुधारीकरण का कार्य शुरू करवाया है।

वर्तमान में लोहारडी बस ठहराव से सड़क पर टायरिंग करने के साथ-साथ आवश्यक स्थानों पर सीमेंट कंक्रीट बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, धंस चुके डंगों का पुनर्निर्माण और सड़क के किनारों पर सीमेंट कंक्रीट की सुरक्षा दीवारें लगाने का काम भी किया जा रहा है, ताकि सड़क को मजबूती मिल सके।

पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को मिलेगी राहत

मदन ठाकुर ने कहा कि लोहारडी–मुल्थान सड़क मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। सड़क की हालत खराब होने के कारण स्थानीय निवासियों, पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब सुधारीकरण का कार्य पूरा होने के बाद लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवाजाही में मदद मिलेगी।

उन्होंने सड़क के सुधारीकरण का कार्य शुरू करवाने के लिए बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल और लोक निर्माण विभाग का आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्य को निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा, जिससे सड़क लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनी रहे।

पोलिंग और मुल्थान–बड़ा ग्रां सड़क पर भी टायरिंग की मांग

मदन ठाकुर ने विधायक किशोरी लाल और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि लोहारडी–मुल्थान सड़क की तर्ज पर लोहारडी से आगे पोलिंग बस ठहराव तक तथा मुल्थान से बड़ा ग्रां तक जाने वाले सड़क मार्गों की खराब हालत को भी प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाए।

उन्होंने कहा कि इन दोनों सड़क मार्गों पर भी जल्द टायरिंग का कार्य करवाया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवाजाही के दौरान उबड़-खाबड़ सड़कों पर हिचकोले खाने से राहत मिल सके।

उन्होंने संबंधित विभाग से आग्रह किया कि छोटाभंगाल घाटी की सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि दुर्गम क्षेत्र के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *