आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली शपथ

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग
जिला लाहौल-स्पीति में आपदाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनसे प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज पुराने परिधि गृह के प्रांगण में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपदा प्रबंधन की शपथ ली।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी केलांग कुनिका एकर्स ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने आपदा की स्थिति में सतर्कता बरतने, अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्पर रहने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण से पूर्व जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से पूनम देवी ने उपस्थित लोगों को आपदा से बचाव एवं तैयारियों के संबंध में संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने आपदा के समय सतर्क रहने, समय रहते आवश्यक तैयारियां करने, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में आपसी समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए सभी को आपदा से बचाव, सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *