जिला लाहौल स्पीति में  17 अक्टूबर को आयोजित होगा सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम, राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी करेंगे अध्यक्षता

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग
आगामी 17 अक्टूबर, 2026 को आयोजित होने वाले सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के मद्देनजर आज ओल्ड सर्किट हाउस केलांग में, जनसमस्याओं एवं मांगों के संकलन के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम केलांग कुनिका ऐकर्स ने की।
बैठक के दौरान राजस्व विभाग से संबंधित कुल 13 मामले प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग से संबंधित दो मांगें, जल शक्ति विभाग से संबंधित एक मांग तथा खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय से संबंधित एक मांग भी प्राप्त हुई। इन सभी मांगों को आगामी सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से इनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उल्लेखनीय है कि 17 अक्टूबर, 2026 को आयोजित होने वाले सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सीधे प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष लाकर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
बैठक के माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं और मांगों को संकलित किया गया, ताकि आगामी कार्यक्रम में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तुत कर समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा सकें।इस कार्यक्रम में तहसीलदार केलांग विकास कुमार,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अश्वनी गुलेरिया,अधिशासी अभियन्ता जल शक्ति विभाग अजय गुप्ता,बीडीओ मनीष राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *