सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पशाकोट बरोट की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा शुक्रवार को बरोट क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बरोट बाजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोट, लक्कड़ बाजार बरोट तथा पंचायत घर बरोट में साफ-सफाई की गई। अभियान का शुभारंभ पाठशाला के प्रधानाचार्य थमन सिंह ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य थमन सिंह ठाकुर ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना विकसित करने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखे। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी उपासना शर्मा, प्रवक्ता अंग्रेजी तथा सुनील कटोच, प्रवक्ता गणित के मार्गदर्शन में स्वयंसेवियों ने विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने बाजारों, स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत घर के आसपास फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निपटान किया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवियों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें तथा अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने में सहयोग दें।
पाठशाला की एनएसएस इकाई के स्वयंसेवियों की इस पहल की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा समाजहित में किए जा रहे ऐसे प्रयास न केवल स्वच्छता का संदेश देते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करते हैं। इस स्वच्छता अभियान के माध्यम से एनएसएस इकाई ने स्वच्छ वातावरण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।










