शिमला के शोघी में हरियाणा रोडवेज बस से दो युवक 17 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, शिमला : 24  अक्टूबर

शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शोघी के पास हरियाणा रोडवेज की एक बस में चेकिंग के दौरान दो युवकों को 17 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सुन्नी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन स्पेशल सेल की टीम को शोघी के पास नशे की तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकेबंदी की और हरियाणा रोडवेज की एक बस को रोककर उसकी गहनता से जांच की।

बस में सवार दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने उनकी व्यक्तिगत तलाशी ली। इस दौरान 24 वर्षीय पंकज निवासी सुन्नी के कब्जे से 9 ग्राम चिट्टा, जबकि 21 वर्षीय पियूष निवासी सुन्नी के कब्जे से 8 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से कुल 17 ग्राम चिट्टा बरामद कर उन्हें मौके पर गिरफ्तार कर लिया।मामले में पुलिस थाना बालूगंज में दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। पुलिस नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *