राजकीय महाविद्यालय मुल्थान में ‘स्वाद एवं संस्कृति’ कार्यक्रम आयोजित, पारंपरिक व्यंजनों से रूबरू हुए विद्यार्थी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट

राजकीय महाविद्यालय मुल्थान में महाविद्यालय के इतिहास क्लब के तत्वावधान में ‘स्वाद एवं संस्कृति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को प्रदर्शित करना तथा विद्यार्थियों को क्षेत्रीय खाद्य परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के महत्व से परिचित करवाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय खाद्य सामग्रियों से तैयार विभिन्न पारंपरिक पकवानों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में चने, मक्के और सराईं जैसी स्थानीय खाद्य सामग्रियों से तैयार स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इस गतिविधि में भाग लिया और स्थानीय खान-पान की विविधता को प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर मुल्थान तहसील के तहसीलदार हरीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डॉ. अविनाश और प्रो. ऋषभ भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

महाविद्यालय के इतिहास विभाग के प्राध्यापक एवं कार्यकारी प्राचार्य डॉ. अभिषेक सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए इतिहास विभाग के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक खान-पान किसी भी क्षेत्र की पहचान और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होता है। स्थानीय व्यंजनों के माध्यम से क्षेत्र के इतिहास, परंपराओं और सामाजिक जीवन को भी समझा जा सकता है।

कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय खाद्य परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया। इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ने और पारंपरिक संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *