सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 25 अक्टूबर
जिला कुल्लू में आयोजित मुक्केबाजी प्रतियोगिता का शनिवार को धूमधाम से समापन हुआ। समापन समारोह में उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। खेलों के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ जीवन में सकारात्मक दिशा प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कुल्लू के युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा खेलों से जुड़कर अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करें और बेहतर प्रदर्शन के माध्यम से देश व प्रदेश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर जिला खेलकूद अधिकारी कविता ठाकुर और कुल्लू मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष किशन ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला खेलकूद अधिकारी कविता ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समापन समारोह में स्थानीय खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों, मुक्केबाजी संघ के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।











