आईएएस अधिकारी निवेदिता नेगी ने संभाला उपायुक्त लाहौल-स्पीति का कार्यभार, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना रहेगी प्राथमिकता

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट : केलांग, 30 अक्टूबर

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी निवेदिता नेगी (2017 बेच) ने शुक्रवार को उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। जिला मुख्यालय केलांग पहुंचने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद निवेदिता नेगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की भौगोलिक परिस्थितियों, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से जिले की आवश्यकताओं और प्रशासनिक प्राथमिकताओं के संबंध में भी चर्चा की।

इस अवसर पर उपायुक्त निवेदिता नेगी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही आमजन की समस्याओं का यथासंभव समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति जैसे भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सहयोग आवश्यक है। वह जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जिले के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों के साथ कार्य करेंगी।

निवेदिता नेगी ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनसमस्याओं के समाधान, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *