सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू ने प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व और मुख्यमंत्री से उठाई मांग, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रस्ताव का किया समर्थन
जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू की जिला कार्यकारिणी ने कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को शीघ्र कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग उठाई है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय कुल्लू में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेस राम आजाद की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में इस संबंध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। पार्टी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की है कि मंडी लोकसभा क्षेत्र को प्रदेश सरकार में उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देते हुए सुंदर सिंह ठाकुर को जल्द मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए।
जिला अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि कुल्लू के वरिष्ठ विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को वर्ष 2023 से कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडी लोकसभा क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से प्रदेश का बड़ा क्षेत्र है, इसके बावजूद प्रदेश मंत्रिमंडल में इसे अपेक्षाकृत कम प्रतिनिधित्व मिला है। ऐसे में मंडी संसदीय क्षेत्र के राजनीतिक संतुलन और कुल्लू जिले के हितों को ध्यान में रखते हुए सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जिला कार्यकारिणी की बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुल्लू के 11 नवंबर 2026 को आयोजित जनरल हाउस में पारित प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि 11 दिसंबर 2026 तक सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री नहीं बनाया गया तो ब्लॉक की संपूर्ण कार्यकारिणी, 16 जोन अध्यक्ष, 157 बूथ अध्यक्ष तथा फ्रंटल संगठनों के प्रमुख अपने-अपने संगठनात्मक पदों से सामूहिक रूप से त्यागपत्र देंगे।
सेस राम आजाद ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भावनाओं का सम्मान करती है। इसी के चलते जिला कार्यकारिणी ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जिला कांग्रेस कमेटी की पूरी कार्यकारिणी का समर्थन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुल्लू के साथ रहेगा।
आजाद ने विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों को प्रदेश सरकार में मिले प्रतिनिधित्व का हवाला देते हुए कहा कि शिमला लोकसभा क्षेत्र से पांच मंत्री और एक दर्जन से अधिक नेताओं को लाभ के पद दिए गए हैं। कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से दो मंत्री और छह लाभ के पद मिले हैं, जबकि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और एक मंत्री सहित करीब छह नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके विपरीत मंडी लोकसभा क्षेत्र से वर्तमान में केवल एक मंत्री हैं, जो जनजातीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के साथ इस तरह का असंतुलन उचित नहीं है और यहां के नेताओं को भी सरकार में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारें कुल्लू जिले को मंत्रिमंडल में शुरुआती दौर में ही प्रतिनिधित्व देती रही हैं, लेकिन वर्तमान सरकार के चार वर्ष पूरे होने के करीब पहुंचने के बावजूद कुल्लू की जनता कैबिनेट मंत्री की प्रतीक्षा कर रही है। मुख्यमंत्री भी कई बार सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की बात कह चुके हैं, जिसका जिला कांग्रेस कमेटी स्वागत करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार के चार वर्ष पूरे होने से पहले कुल्लू को मंडी लोकसभा क्षेत्र के कोटे से कैबिनेट मंत्री का पद अवश्य मिलेगा।
सेस राम आजाद ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू चारों ब्लॉक अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों को साथ लेकर इस मांग को कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रमुखता से उठाएगी।
बैठक में पारित प्रस्ताव को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव रजनी पाटिल, सह प्रभारी विदित चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू तथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारियों को सौंपे गए संगठनात्मक दायित्वों की समीक्षा भी की गई। साथ ही विधानसभा क्षेत्रवार संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट लेने का निर्णय लिया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सर्कुलर के अनुरूप ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम को जिले के चारों ब्लॉकों के माध्यम से सभी जोनल, पंचायत और बूथ स्तर की कमेटियों तक पहुंचाने की रणनीति भी बनाई गई।










