कुल्लू के अटल सदन में 25 नवंबर को सजेगी पहाड़ी सांझ, हिमाचली लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर होगी सांस्कृतिक संध्या

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

कुल्लू, 13 नवम्बर 

प्रसिद्ध लोक, शास्त्रीय एवं गजल गायक पीयूष राज होंगे मुख्य आकर्षण, शाम 5:30 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा कार्यक्रम : दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक संगीत और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पिछले पांच दशकों से निरंतर कार्यरत सूत्रधार कला संगम कुल्लू आगामी 25 नवंबर 2026 को ‘पहाड़ी सांझ’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन करने जा रहा है। कार्यक्रम अटल सदन कुल्लू के विशाल सभागार में शाम 5:30 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगा। इस सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के लोकगीतों, पारंपरिक धुनों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सूत्रधार कला संगम के सूत्रधार भवन में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि ‘पहाड़ी सांझ’ का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक संगीत, लोकनृत्य एवं पारंपरिक कलाओं को सशक्त मंच प्रदान करना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। कार्यक्रम में संस्था के अनुभवी एवं युवा कलाकारों के अलावा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इस सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण चंबा जिला से संबंध रखने वाले सुप्रसिद्ध हिमाचली लोक, शास्त्रीय एवं गजल गायक पीयूष राज होंगे। पीयूष राज ने अपनी विशिष्ट गायन शैली से हिमाचली लोक संगीत को व्यापक पहचान दिलाई है। उन्होंने अपने संगीत सफर की शुरुआत आकाशवाणी शिमला से की तथा दिल्ली में ग्वालियर घराने के प्रख्यात संगीतज्ञ उस्ताद पं. लक्ष्मण कृष्ण राव पंडित से शास्त्रीय गायन की विधिवत शिक्षा प्राप्त की।

वर्ष 1983 में उनके पहले कैसेट ‘ऋतु रंग’ और एचएमवी के एल्बम ‘हिमाचल के लोकगीत’ ने उन्हें विशेष पहचान दिलाई। ‘बहुत बुरे हैं’, ‘सायं-सायं मत कर राबिए’ और ‘तेरियां मोहब्बतां’ जैसे लोकप्रिय गीतों के साथ बंजारा गजल एल्बम तथा हिमाचली फिल्मों में उनके गायन ने उन्हें संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय बनाया। तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के समक्ष गजल प्रस्तुति दे चुके पीयूष राज को हिमाचल में ‘सुरों के सरताज’ के रूप में जाना जाता है।

कार्यक्रम में प्रो. दीपक गौतम, धर्मेन्द्र शर्मा, लाल सिंह, रोजी, ट्विंकल, जीवन बुडाल, संजय पुजारी, अर्पिता ठाकुर, अनुष्का, करिश्मा और विजय भी अपनी सुरीली प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा पहाड़ी लोकगीतों और पारंपरिक धुनों के साथ आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी। प्रस्तुतियों के बीच बांसुरी, सितार एवं अन्य वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों से संगीतमय वातावरण बनाया जाएगा। संस्था के कलाकार लगभग छह मिनट का सामूहिक गीत भी प्रस्तुत करेंगे।

आयोजन को सफल बनाने के लिए बैठक में उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजन उपसमिति का गठन किया गया। इसमें महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम महंत, सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, संगीत अकादमी के प्राचार्य पं. विद्या सागर, निशांत गौतम, जीवन बुडाल, सनी और संजय पुजारी को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम के गीतों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी सुंदर श्याम महंत, धर्मेन्द्र शर्मा, पं. विद्या सागर, निशांत गौतम, जीवन बुडाल, संजय पुजारी और सनी को सौंपी गई है। मंचीय व्यवस्थाओं, लाइट एवं साउंड की जांच तथा कलाकारों के समन्वय के लिए भी अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। निमंत्रण समिति में मोनिका सागर, मंजुलता शर्मा, यशोदा शर्मा और सीमा शर्मा को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए ढालपुर चौक और सरवरी पुल पर फ्लेक्स लगाए जाएंगे। संस्था ने स्पष्ट किया है कि ‘पहाड़ी सांझ’ कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा, ताकि अधिक से अधिक कलाप्रेमी और आम नागरिक हिमाचल की लोक संस्कृति से रूबरू हो सकें।

बैठक में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों और कलाकारों से आयोजन की सफलता के लिए आपसी समन्वय, सहयोग और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में संरक्षक मंडल सदस्य राजेन्द्र सूद, उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण आचार्य एवं सुबोध सूद, संगीत अकादमी के प्राचार्य पं. विद्या सागर तथा आमंत्रित सदस्य निशांत गौतम और सनी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *