छोटाभंगाल में विधायक किशोरी लाल का जोरदार स्वागत, ‘सरकार पंचायत के द्वार’ कार्यक्रम के तहत सुनीं जनसमस्याएं

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

खुशी राम ठाकुर, बरोट

लोआई, स्वाड़ और पोलिंग पंचायतों में विधायक ने किया जनसंवाद, कई समस्याओं का मौके पर निपटारा, लोआई सड़क, लोहारडी-स्वाड़ सड़क और पुल निर्माण को लेकर दी महत्वपूर्ण जानकारी

बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल छोटाभंगाल के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। वीरवार को उनके दौरे के पहले दिन घाटी के एक छोर पर स्थित लोहारडी क्षेत्र की लोआई, स्वाड़ और पोलिंग पंचायतों में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने ‘सरकार पंचायत के द्वार’ कार्यक्रम के तहत लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

छोटा-बड़ा भंगाल के कांग्रेस प्रभारी मदन ठाकुर ने बताया कि विधायक किशोरी लाल द्वारा पिछले लगभग एक माह से बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र की निचली पंचायतों में ‘सरकार पंचायत के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। निचली पंचायतों में कार्यक्रम पूरा होने के बाद अब इसे विधानसभा क्षेत्र के ऊपरी और दुर्गम क्षेत्र छोटाभंगाल घाटी में आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 12 और 13 नवंबर को घाटी की विभिन्न पंचायतों में जनसंवाद कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को विधायक किशोरी लाल ने लोआई, स्वाड़ और पोलिंग पंचायतों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य समस्याओं को शीघ्र हल करने का आश्वासन दिया गया।

विधायक किशोरी लाल ने लोआई गांव के लोगों को आश्वासन दिया कि मुल्थान-लोहारडी मुख्य सड़क मार्ग से लोआई गांव तक जीप योग्य सड़क निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, लोहारडी-स्वाड़ निर्माणाधीन सड़क मार्ग को भी बहुत जल्द बस योग्य बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लम्बाडग नदी पर बनने वाले लोहारडी-स्वाड़ पुल के निर्माण के लिए लगभग एक करोड़ 75 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है। इस पुल का शिलान्यास भी शीघ्र मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हाथों करवाया जाएगा।

मदन ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सहयोग और विधायक किशोरी लाल के अथक प्रयासों से छोटाभंगाल जैसी दुर्गम घाटी में विकास कार्यों को गति मिली है। आने वाले समय में भी क्षेत्र में विकास की रफ्तार को और तेज किया जाएगा।

13 नवंबर को घाटी के दूसरे छोर की पंचायतों में होगा जनसंवाद

मदन ठाकुर ने बताया कि 12 नवंबर को विधायक किशोरी लाल मुल्थान स्थित वन विश्राम गृह में रात्रि ठहराव करेंगे। इसके बाद 13 नवंबर को घाटी के दूसरे छोर पर स्थित मुल्थान, धरमान, कोठी कोहड़ तथा बड़ा ग्रां पंचायतों में पहुंचकर ‘सरकार पंचायत के द्वार’ कार्यक्रम के तहत लोगों से संवाद करेंगे। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

इस अवसर पर बीडीओ बैजनाथ विवेक गुलेरिया, तहसीलदार मुल्थान हरीश कुमार, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिकारी, छोटा-बड़ा भंगाल कांग्रेस प्रभारी मदन ठाकुर, बैजनाथ कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, महासचिव राजेन्द्र ठाकुर, उपाध्यक्ष रूप चंद एवं सीता राम, बड़ा ग्रां पंचायत के उपप्रधान सुदर्शन कुमार, कोठी कोहड़ के प्रधान हिम्मत सिंह, मुल्थान पंचायत के उपप्रधान जोगिन्द्र सिंह, पोलिंग पंचायत के पूर्व प्रधान मेहर सिंह, लोआई पंचायत के पूर्व उपप्रधान धर्म चंद, प्राकम चंद, शांता कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *