वरिष्ठ साहित्यकार रामलाल पाठक की पुस्तक ‘कहलूर की लोक आस्थाएं’ का उपायुक्त किरण भड़ाना किया विमोचन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

बिलासपुर, 13 नवम्बर

उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने बिलासपुर के वरिष्ठ एवं प्रख्यात साहित्यकार रामलाल पाठक द्वारा लिखित पुस्तक ‘कहलूर की लोक आस्थाएं’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने लेखक के साहित्यिक एवं शोधपरक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक कहलूर क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को समझने के लिए एक महत्वपूर्ण साहित्यिक दस्तावेज साबित होगी।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि पुस्तक में कहलूर के ऐतिहासिक एवं सामाजिक स्वरूप, लोक आस्थाओं, जनमान्यताओं, पारंपरिक रीति-रिवाजों तथा सांस्कृतिक परंपराओं का गहन अध्ययन करते हुए सारगर्भित ढंग से प्रस्तुतिकरण किया गया है। यह कृति क्षेत्र की लोक संस्कृति की विविधता और विशिष्टता से परिचित करवाने के साथ-साथ बिलासपुर के गौरवशाली इतिहास एवं विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को भी प्रभावशाली तरीके से सामने लाती है।

उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की वास्तविक पहचान उसकी ऐतिहासिक विरासत, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों में निहित होती है। इन परंपराओं और मान्यताओं को संरक्षित रखना समय की आवश्यकता है। साहित्यकारों के शोधपरक एवं रचनात्मक प्रयास ऐसी अमूल्य धरोहरों को दस्तावेजी स्वरूप प्रदान करने के साथ-साथ भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

किरण भड़ाना ने कहा कि रामलाल पाठक की पुस्तक ‘कहलूर की लोक आस्थाएं’ स्थानीय इतिहास, लोक विश्वासों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण साहित्यिक योगदान के लिए लेखक को बधाई दी तथा उनके आगामी साहित्यिक प्रयासों के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *