सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग
मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना के तहत चिन्हित परिवारों की सूचियों का होगा सार्वजनिक सत्यापन, कोरम की बाध्यता नही
मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना के तहत पात्र एवं चिन्हित परिवारों की सूचियों के सार्वजनिक सत्यापन के लिए जिला लाहौल-स्पीति की सभी 48 ग्राम पंचायतों में 16 से 18 नवंबर तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त लाहौल-स्पीति निवेदिता नेगी ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 तथा पंचायती राज (सामान्य) नियम, 1997 के तहत कार्यालय आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि इन विशेष ग्राम सभाओं में योजना के सभी नौ चरणों के अंतर्गत चिन्हित परिवारों की समेकित सूचियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और उनका सार्वजनिक सत्यापन किया जाएगा, ताकि सूचियों की पारदर्शिता एवं सही जानकारी सुनिश्चित हो सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लाहौल विकास खंड में 16 नवंबर को खंगसर, मूलिंग, तांदी, वारपा, जोबरंग, जाहलमा, मूरिंग, जुंडा, उदयपुर, चिमरेट और शूलिंग ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं होंगी। 17 नवंबर को सिस्सू, गोंधला, गौशाल, यूरनाथ, बरबोग, कारदंग, नाल्डा, थिरोट, मडग्रां, तिंगरेट, किशोरी और मालंग पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, 18 नवंबर को दारचा, कोलोंग, केलांग, रानिका, शांशा, गोहरमा, त्रिलोकनाथ, शकोली, सलग्रां, तिंदी और कोकसर पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं होंगी।
इसी प्रकार स्पीति विकास खंड में 16 नवंबर को ढंकर, काजा, डेमुल, लांगचा और खुरिक पंचायतों में, 17 नवंबर को लालुंग, हल, ग्यू और ताबो पंचायतों में तथा 18 नवंबर को लोसर, कुंगरी, सगनम, किब्बर और लारा पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त निवेदिता नेगी ने स्पष्ट किया कि इन विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन के लिए कोरम की कोई बाध्यता नहीं रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायतों को निर्धारित तिथियों के अनुसार ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।










