सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
नेरी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय परिसंवाद में राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार सहित कई शिक्षाविदों की उपस्थिति में हुआ पुस्तक का लोकार्पण
छोटाभंगाल घाटी स्थित राजकीय महाविद्यालय मुल्थान के इतिहास विभाग में कार्यरत सहायक आचार्य डॉ. अभिषेक सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘प्राचीन भारतीय परिप्रेक्ष्य में धारणीय विकास अवधारणा एवं स्वरूप’ का विमोचन इतिहास शोध संस्थान, नेरी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय परिसंवाद के दौरान गरिमामय वातावरण में किया गया।
पुस्तक का विमोचन राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, एडवांस्ड स्टडी शिमला के निदेशक प्रो. हिमांशु चतुर्वेदी, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के निदेशक प्रो. सूर्यवंशी, केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के डीन प्रो. भाग चंद चौहान, सेवानिवृत्त सह-आचार्य सूरत ठाकुर तथा इतिहास शोध संस्थान नेरी के निदेशक चेतराम गर्ग की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों और विद्वानों ने भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत तथा आधुनिक समय में विकास की अवधारणा के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय चिंतन में प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरणीय संतुलन, संयमित जीवनशैली और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को विशेष महत्त्व दिया गया है। वर्तमान समय में बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच ये विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
डॉ. अभिषेक सिंह की इस पुस्तक में प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपराओं और जीवन-दर्शन के आलोक में धारणीय विकास की अवधारणा, उसके दार्शनिक आधार तथा विभिन्न आयामों का विस्तार से विश्लेषण किया गया है। यह पुस्तक भारतीय परंपरागत ज्ञान और आधुनिक विकास विमर्श के बीच वैचारिक सेतु स्थापित करने का एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक इतिहास, भारतीय ज्ञान परंपरा, पर्यावरणीय चिंतन और धारणीय विकास के विषयों में रुचि रखने वाले शोधार्थियों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों तथा अन्य जिज्ञासु पाठकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। साथ ही यह कृति प्राचीन भारतीय जीवन-दृष्टि में निहित प्रकृति के अनुकूल विकास की अवधारणाओं को वर्तमान संदर्भों में समझने के नए अवसर प्रदान करेगी।
डॉ. अभिषेक सिंह ने बताया कि मात्र एक वर्ष के भीतर उनकी लिखी दूसरी पुस्तक का विमोचन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से छोटाभंगाल घाटी के शैक्षणिक और बौद्धिक क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
पुस्तक का विमोचन भारतीय ज्ञान परंपरा के पुनर्पाठ तथा पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक चिंतन के समन्वय से एक संतुलित एवं धारणीय भविष्य के निर्माण की दिशा में सार्थक पहल माना जा रहा है।











