राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर कुल्लू में संगोष्ठी, पत्रकारिता में निष्पक्षता और जिम्मेदारी पर हुआ मंथन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 
प्रताप अरनोट, कुल्लू

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर बहुउद्देशीय भवन कुल्लू में जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। भारतीय प्रेस परिषद की ओर से निर्धारित विषय “पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी” पर आयोजित संगोष्ठी में जिले के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने भाग लेकर पत्रकारिता के मौजूदा स्वरूप, चुनौतियों, निष्पक्षता और नैतिक मूल्यों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक पत्रकारिता ने राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारतीय मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्द्धन के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को उठाने में मीडिया का योगदान सराहनीय रहा है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पत्रकारिता के उच्च आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। पत्रकारों को निष्पक्षता, सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि वरिष्ठ पत्रकार अपने अनुभव युवा पत्रकारों के साथ साझा कर उन्हें पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा और मूल्य आधारित कार्यशैली से परिचित करवाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान आधुनिक तकनीक के दौर में मिस-इन्फॉर्मेशन और डिस-इन्फॉर्मेशन के बीच अंतर समझना बेहद जरूरी हो गया है। सही, तथ्यपरक और विश्वसनीय जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता एक ही होती है, लेकिन कई बार उसे समझना जटिल होता है। ऐसे में पत्रकारों को किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पूरी जांच करनी चाहिए, ताकि समाज तक सही जानकारी पहुंचे और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से सकारात्मक दिशा मिल सके।

संगोष्ठी में युवा पत्रकार अनुरंजनी गौतम, खेम चंद सोनी और राजीव ने समाचारों में संतुलन बनाए रखने तथा किसी भी खबर को प्रकाशित करते समय सभी पक्षों को समान अवसर देने की आवश्यकता पर जोर दिया। वरिष्ठ पत्रकार शशिभूषण पंडित ने पत्रकारिता के सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला, जबकि अभिनव वशिष्ट ने पत्रकारिता के पेशेवर मूल्यों एवं नैतिकता पर अपने विचार रखे।

वयोवृद्ध पत्रकार एवं प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) से जुड़े रमेश पठानिया ने कहा कि किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उसके स्रोत की विश्वसनीयता सुनिश्चित करना और तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करना आवश्यक है। पत्रकारिता के मूल्यों को सर्वोपरि रखना प्रत्येक पत्रकार का पहला कर्तव्य होना चाहिए।

इस अवसर पर सहायक लोक संपर्क अधिकारी जय प्रकाश शर्मा ने मुख्यातिथि उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा तथा उपस्थित सभी मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला मुख्यालय के विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के अलावा प्रेस क्लब सैंज और बंजार के पत्रकार भी मौजूद रहे। संगोष्ठी के माध्यम से पत्रकारिता में निष्पक्षता, विश्वसनीयता, सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *