सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, बिलासपुर
चंगर स्थित संस्कृति हॉल में सजे साहित्यिक समारोह में करीब 70 पहाड़ी कवियों ने दी प्रस्तुतियां, लेखक जीत राम सुमन की पहली पुस्तक का हुआ लोकार्पण
बिलासपुर से जाने-माने हिंदी एवं पहाड़ी कवि और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जीत राम सुमन द्वारा रचित पहाड़ी कविता संग्रह ‘जिंदगिया री बाट’ का जिला भाषा अधिकारी कार्यालय के चंगर स्थित संस्कृति हॉल में भव्य समारोह के दौरान विमोचन किया गया। इस साहित्यिक आयोजन में प्रदेश के विख्यात विद्वान एवं पहाड़ी साहित्य के पुरोधा डॉ. लेख राम शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
समारोह में मस्त राम वर्मा, संदेश शर्मा, कुलदीप चंदेल और यूको बैंक के पूर्व प्रबंधक करतार सिंह परमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नरेंद्र दत्त शर्मा ने सुंदर सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस दौरान बिलासपुर के वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि अरुण डोगरा के सड़क दुर्घटना में निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके उपरांत मंचासीन अतिथियों को सम्मानित किया गया और विधिवत रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
अपनी पहली पुस्तक के विमोचन को लेकर लेखक जीत राम सुमन एवं उनका परिवार काफी उत्साहित नजर आया। उन्होंने समारोह में पहुंचे लगभग 70 पहाड़ी कवियों और अतिथियों को बैज, पुष्पहार, अंगवस्त्र एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन सुशील पुंडीर ने किया, जबकि पुस्तक की समीक्षा अमरनाथ धीमान ने प्रस्तुत की। उपस्थित कवियों ने अपनी-अपनी पहाड़ी रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक समां बांधा। कविताओं में पहाड़ी भाषा, लोक संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और जनजीवन की झलक देखने को मिली।
मुख्य अतिथि डॉ. लेख राम शर्मा ने अपने संबोधन में बिलासपुर के पहाड़ी कवियों द्वारा पहाड़ी बोली एवं साहित्य के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय बोलियों को जीवित रखने में साहित्यकारों और कवियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
अध्यक्षीय संबोधन में जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बिलासपुर जिला प्रदेश में साहित्य सृजन के क्षेत्र में अग्रणी है और यहां बड़ी संख्या में साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके लिए कल्याण कला मंच बिलासपुर, जिला सांस्कृतिक परिषद और बिलासपुर लेखक संघ जैसे संस्थान बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित साहित्यकारों और अतिथियों ने पारंपरिक कहलूरी धाम का आनंद लिया। यह आयोजन पहाड़ी भाषा, साहित्य और लोक संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल बनकर सामने आया।










