सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, फरीदाबाद
एनएचपीसी ने धूमधाम से मनाया 52वां स्थापना दिवस, 2032 तक 23 हजार मेगावाट क्षमता हासिल करने का लक्ष्य
केंद्रीय विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने जलविद्युत और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं को स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन के लिए बताया महत्वपूर्ण, एनएचपीसी की उपलब्धियों की सराहना की
एनएचपीसी लिमिटेड ने अपना 52वां स्थापना दिवस 17 नवंबर 2026 को निगम मुख्यालय फरीदाबाद में भव्य समारोह के साथ मनाया। इस अवसर पर भारत सरकार के विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंकज अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि घनश्याम प्रसाद, एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता, निदेशक (परियोजनाएं) संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी) सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (वित्त) महेश शर्मा, निदेशक (कार्मिक) परेश आर. राणपरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी देबेंद्र दलाई ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने एनएचपीसी की गौरवशाली विकास यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन को गति देने में एनएचपीसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जलविद्युत एवं पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं नवीकरणीय ऊर्जा के प्रभावी एकीकरण और विद्युत ग्रिड की स्थिरता के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत एनएचपीसी के कर्मचारियों के समर्पण और योगदान की विशेष प्रशंसा की। साथ ही कार्मिकों के निरंतर क्षमता निर्माण एवं कौशल विकास पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री के कर्मयोगी भारत के विजन को अपनाने, नवाचार और कार्यक्षमता बढ़ाने तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पंकज अग्रवाल, सचिव (विद्युत), भारत सरकार, घनश्याम प्रसाद अध्यक्ष, केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण, भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक, एनएचपीसी, संजय कुमार सिंह, निदेशक (परियोजनाएं), सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (तकनीकी), महेश शर्मा, निदेशक (वित्त), परेश आर. राणपरा, निदेशक (कार्मिक) तथा देवेंद्र दलाई, मुख्य सतर्कता अधिकारी
विशिष्ट अतिथि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद ने एनएचपीसी परिवार को 52वें स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने जलविद्युत क्षेत्र में निगम की विशेषज्ञता और वैश्विक पहचान की सराहना करते हुए कहा कि भारत में जलविद्युत की अपार संभावनाएं हैं, जिनका विशेष रूप से पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं के माध्यम से दोहन किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि एनएचपीसी अपनी तकनीकी विशेषज्ञता के बल पर सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेगी और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
इस अवसर पर एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने स्वागत संबोधन में निगम की वित्तीय उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में एनएचपीसी ने 3,618 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। निगम का लक्ष्य वर्ष 2032 तक अपनी स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 23,000 मेगावाट तक पहुंचाना है।
उन्होंने एनएचपीसी की प्रमुख परियोजनाओं में हो रही प्रगति तथा डिजिटल परिवर्तन की दिशा में SAP प्रणाली के सफल क्रियान्वयन को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने भारत सरकार के गृह मंत्रालय, वित्त मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण तथा एनएचपीसी से जुड़े सभी हितधारकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने और विकसित भारत के लक्ष्य में निगम के योगदान को और अधिक प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी विशेष आयोजन किया गया। कथक केंद्र, नई दिल्ली, नव उत्थान व्हीलचेयर डांस ग्रुप, नई दिल्ली तथा एनएचपीसी परिवार की महिलाओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
एनएचपीसी का 52वां स्थापना दिवस निगम की अब तक की उपलब्धियों, देश की ऊर्जा जरूरतों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और भविष्य की महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं को रेखांकित करने वाला अवसर रहा।











