सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल के समस्त लोगों की जोरदार मांग को मद्धेनज़र रखते हुए 6 दिसम्बर 2021 को छोटाभंगाल के मुल्थान में सार्वजनिक मंच से प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लघु सचिवालय खोलने की घोषणा कर शिलान्यास किया था। इस कार्यक्रम में सांसद इंदू गोस्वामी, बैजनाथ के विधायक मुल्ख राज प्रेमी उपस्थित थे।
मगर एक वर्ष से ऊपर समय बीत जाने के बावजूद भी इस लघु सचिवालय का कार्य शिलान्यास से आगे ही नहीं बढ़ पाया है जिस कारण स्थानीय निवासी अभी तक अपने आप को ठगा–ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
मुल्थान पंचायत के पूर्व प्रधान लछमन सिंह व लोआई पंचायत के उपप्रधान तिलक ठाकुर ने बताया कि समस्त लोगों की बेहतर सुविधा के लिए यहाँ पर लघु सचिवालय का होना बेहद जरुरी है।
उन्होंने कहा कि लघु सचिवालय स्थापित हो जाता तो यहाँ की आठ पंचायतों के लगभग दस हज़ार लोगों को सुविधा घर द्वार में मिल सकती थी।लेकिन अभी तक तो लघु सचिवालय निर्माण बात घोषणा तक ही सिमित रह गयी है।
उन्होंने कहा कि लगभग बीस वर्ष पूर्व छोटाभंगाल को उपतहसील बनाई गयी थी तथा उसके कुछ वर्ष बाद इसका दर्जा बढ़ाकर तहसील बना दी गई थी। मगर आलम यह है की इस तहसील का कार्य अभी तक कानूनगो हट में ही चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कानूनगो हट भी अपनी जमीन के नाम न होकर स्थानीय व्यक्ति द्वारा दान की गई जमीन पर चल रहा है जो कि बेहद सोचनीय विषय है।
लछमन सिंह तथा तिलक ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार तथा राजस्व विभाग से आग्रह किया है कि इस कानूनगो हट की जमीन को राजस्व
विभाग के नाम कर लघु सचिवालय भवन निर्माण किया जाये ताकि लोगों को घरद्वार में सुविधा मिल सके।
इस बारे मुल्थान के तहसीलदार पीसी कोंडल का कहना है कि कानूनगो हट की जमीन को बहुत जल्द ही राजस्व विभाग के नाम कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लघु सचिवालय भवन निर्माण तथा अन्य सुविधा के लिए लगभग चार करोड़ रूपये की धन राशि मंजूर हो चुकी है। लघु सचिवालय धनराशि लोकनिर्माण विभाग के पास जमा करवा दी है। सभी ओपचारिकताएं पूर्ण होते ही भवन का निर्माण कार्य आरम्भ कर दिया जाएगा।









