सुरभि न्यूज़
परस राम भारती, तीर्थन घाटी बंजार
जिला कुल्लू उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी में 9 जुलाई से रुक रुक कर हो रही भारी बारिश, बाढ़ और भुस्खलन के कारण दूर दराज क्षेत्रों के लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। यहां की अधिकांश सड़के, पुल, रास्ते, लोगों की आवाजाही के लिए बन्द पड़े हैं जिस कारण लोगों को ज़रूरी सामान और खाद्य वस्तुओं को पीठ पर उठाकर कई मीलों का सफर तय करके अपने घरों तक पहुंचाना पड़ रहा है।
शासन प्रशासन की ओर से स्थिती को सामान्य करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। इसके अलावा कुछ स्वयंसेवी संस्थाएं भी आपदा प्रभावित लोगों तक राहत एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के नेक कार्य करने में मदद कर रही है। हालंकि कुछ क्षेत्रों में अब हालात धीरे धीरे सामान्य हो रहे हैं लेकिन कुछ स्थानों पर अभी भी स्थिती चिंताजनक बनी हुई है। गुशैनी से उपर बंदल गांव की ओर का कुछ क्षेत्र अति संवेदनशील बन चूका है। यहां पर सड़क और मकानों की दरारें लगातार बढ़ रही है। कई मकान लगभग गिरने के कगार पर खड़े हैं और भुस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है जिस कारण स्थानीय लोगों में काफी भय का माहौल व्याप्त है।
आज तीर्थन घाटी के केन्द्र बिन्दु गुशैनी में इको सवेरा संस्था के सदस्य एवं पर्यटन कारोबारी अजय सिंह द्वारा अपने सहयोगियों और ग्राम पंचायत शर्ची के पूर्व प्रधान हरी सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत कांडीधर के उप प्रधान महेंद्र सिंह, सदस्य हरीश ठाकुर, तारा चन्द व अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी दूरस्थ गांव शर्ची, जमाला, झुटली, बंदल, रूपाजानी और कंडीधार के करीब 250 प्रभावित लोगों को 80 क्विंटल खाद्य सामग्री वितरित की है। जिसमें 10 किलो आटे का बैग,10 किलो चावल, 2 किलो चीनी, दालें, 2 लीटर सरसों का तेल, नमक, मसाले और बिस्किट आदि शामिल है।
इको सवेरा संस्था के सदस्य एवं पर्यटन कारोबारी अजय सिंह ने बताया कि संस्था की फाउंडर मेंबर मृणालिनी गुप्ता और अन्य पदाधिकारियों के सहयोग से समाज में रहते हुए आपदा पीड़ित परिवारों को मानव सेवा की एक छोटी सी कोशिश की है। इन्होंने बताया कि संस्था की ओर से 80 क्विंटल राशन इक्कठा किया गया था जिसे तीर्थन घाटी में आपदा से प्रभावित 250 लोगों को वितरित किया गया है।
ग्राम पंचायत शर्ची के पूर्व प्रधान हरी सिंह ठाकुर और ग्राम पंचायत कांडीधार के उप प्रधान महेंद्र सिंह ने स्थानीय लोगों की ओर से द्वारा संकट की इस घड़ी में मानवता की सेवा करने के लिए इको सवेरा संस्था की फाऊंडर मेंबर मिर्णालिनी गुप्ता और सदस्य अजय सिंह का आभार जताया है। इन्होने स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की है कि तीर्थन घाटी में आपदा प्रभावित सभी लाेगों तक राहत पहुंचाई जाए। गौरतलब है कि गत दिनों मेक माई ट्रिप फाउन्डेशन द्वारा भी यहां के प्रभावित लोगों को राहत एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई थी।










