सुरभि न्यूज़ ब्युरो
बिहाली, लारजी
गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, कुल्लू-मनाली की वर्ष 2024-25 की पहली छमाही बैठक का आयोजन प्रकाश चंद, अध्यक्ष, नराकास, कुल्लू-मनाली एवं समूह महाप्रबंधक, पार्बती-III पावर स्टेशन की अध्यक्षता में जे. जे. रिजॉर्ट, कुल्लू में किया गया। इस बैठक में कुल्लू-मनाली स्थित केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालय प्रमुखों और राजभाषा समन्वयकों ने भाग लिया। इस बैठक में राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय से कुमारपाल शर्मा, उप निदेशक (कार्यान्वयन) भी शामिल हुए।
बैठक के दौरान राजभाषा हिन्दी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ाने के लिए गहन विचार-विमर्श किया गया। कुमारपाल शर्मा ने राजभाषा हिन्दी की प्रगति हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी इस बैठक में दिये। बैठक के दौरान प्रकाश चंद, अध्यक्ष, नराकास ने अपने सम्बोधन में सभी कार्यालयों से एक साथ मिलकर राजभाषा कार्यान्वयन को उत्तरोतर गति देने का आग्रह किया। इस बैठक में नराकास की राजभाषा पत्रिका “हिम लहरी” का भी विमोचन किया गया।










