सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
जंगली भालू के आंतक से चौहार घाटी तथा छोटा भंगाल के लोग सहमे हुए हैं। जंगली भालू आए दिन पालतु पशुओं को अपना निवाला बनाकर आतंक मचा रहा है। खलैहल पंचायत के बडी झरबाड़ गांव के पशु पालक प्रेम सिंह की दुधारू जर्सी गाय को जंगली भालू ने अपना शिकार बना लिया।
प्रेम सिंह का कहना है कि गत दिन अपनी जर्सी गाय को मकर धार नामक जगह पर चारा चराने के लिए छोडा़ हुआ था। अचानक झाडि़यों के बीच से जंगली भालू ने आकर गाय पर हमला कर दिया। प्रेम सिंह ने गाय को भालू के हमले से बचाने के लिए जोर-जोर से आवाजें लगाई मगर तब तक भालू ने गाय को नोच-नोच कर मार दिया था।
वहीं बडी़ झरबाड़ गांव के सर्वदयाल तथा विजय कुमार के एक बैल व एक गाय को जंगली भालू ने अपना शिकार बनाया है। इसी गांव के सुनील दत को कग्याहडा़ नामक जगह पर दिन को जंगली भालू दिखाई दिया है, जिस कारण लोग डर के साये में जी रहें है।
खलैहल पंचायत के प्रधान भागमल ने इस बारे में कहा कि पालतु पशुओं को चराने व जंगलों से चारा पती लाने के लिए लोग टोली बना कर जाएं साथ में सतर्कता भी बरतें। उन्होंने वन विभाग के उच्चाधिकारी से आग्रह किया है कि जंगली भालू से ग्रामीणों व उन्हके पालतू पशुओं क़ी सुरक्षा के लिए भालू को पकड़ा जाए।









