सुरभि न्यूज़, देहरा (कांगड़ा) : प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत नशे का अवैध कारोबार करने वालों पर कार्रवाई करते हुए कांगड़ा जिला की देहरा पुलिस ने चरस के एक मुख्य सप्लाययर को कुल्लू जिला से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
चरस के इस मुख्य सप्लायर को बीते दिन ढलियारा में चरस के साथ पकड़े गए एक व्यक्ति की जानकारी के आधार पर पकड़ा है। चरस तस्करी के इस मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है।
गौरतलब है कि देहरा पुलिस ने पिछले दिनों ढलियारा के पास सूरजपुर गांव में रामपाल नामक व्यक्ति के घर में छापेमारी करके तीन किलो 628 ग्राम चरस बरामद की थी। पुलिस पूछताछ में रामपाल के बाद देहरा के सुकाहर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
इन दोनों ने पुलिस पूछताछ में कुल्लू जिला के बंजार के मुख्य चरस सप्लायर का नाम सामने आया। जिस पर देहरा पुलिस ने कुल्लू जिला के बंजार उपमंडल के डाकघर बठाहड़ गांव घलियाड़ से 30 वर्षीय पदम सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम शुक्रवार को उसे लेकर देहरा पहुंची। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।










