सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 09 दिसम्बर
भारत सरकार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय समारोह में भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा “राष्ट्रीय पुरस्कार 2025 – सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास पेशेवर” से सम्मानित होने के उपरांत डॉ. श्रुति मोरे भारद्वाज, संस्थापक साम्फिया, कुल्लू लौटीं। यह सम्मान उन्हें दिव्यांग अधिकार, समावेशन, प्रारम्भिक हस्तक्षेप एवं पैरेंट एम्पावरमेंट के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रदान किया गया है।
कुल्लू आगमन पर डॉ. श्रुति ने प्रशासकीय अधिकारियों से सम्मानपूर्ण भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस. रवीश, सचिव जिला विधिक सेवाएँ प्राधिकरण (DLSA) आभा चौहान, सहायक आयुक्त (उपायुक्त कार्यालय) डॉ. जैबंती ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर तथा जिला कल्याण अधिकारी श्री जी.एल. शर्मा से मुलाक़ात की।
सचिव जिला विधिक सेवाएँ प्राधिकरण आभा चौहान सहित सभी अधिकारियों ने इस राष्ट्रीय उपलब्धि के लिए उन्हें हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह सम्मान न केवल डॉ. श्रुति के समर्पण का प्रतीक है, बल्कि कुल्लू जिला और हिमाचल प्रदेश के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है। अधिकारियों ने दिव्यांगजन हितैषी सेवाओं को आगे बढ़ाने में साम्फिया की भूमिका की सराहना की।
डॉ. श्रुति ने प्रशासन एवं समुदाय के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान समावेशन की दिशा में और अधिक सशक्त कदम उठाने की प्रेरणा है, ताकि दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों के लिए एक सशक्त एवं सहयोगी वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।0














