सुरभि न्यूज़
बंजार (सैंज), 16 दिसंबर
जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार में आपदा के पाँच महीने बाद भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं। कई दूरदराज क्षेत्रों में अभी तक सरकारी बस सेवाएं बहाल नहीं हो सकी हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसा ही एक गंभीर मामला सैंज घाटी के कनौन क्षेत्र का है, जहाँ पिछले कई महीनों से सरकारी बस सेवा पूरी तरह बंद पड़ी हुई है। जबकि सड़क की हालत अब ठीक बताई जा रही है, इसके बावजूद परिवहन विभाग द्वारा बस भेजने में लगातार आनाकानी की जा रही है।
इस बस सेवा के बंद होने का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चों को रोज़ाना स्कूल पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है या फिर मजबूरी में महंगे निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि खराब मौसम और ठंड के कारण कई बच्चे बीमार भी पड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी बस इस क्षेत्र के लिए जीवनरेखा है। बस सेवा न होने से न केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि बुजुर्गों, कामकाजी लोगों और मरीजों को भी अस्पताल, बाजार और दफ्तर जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सेवार्थ युवा जागृति मंडल कनौन के प्रधान कुंदन लाल, सचिव खेम राज सहित प्रशांत, भीम देव, श्याम लाल, विजय प्रेम और रोशन ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार परिवहन विभाग और डिपो प्रबंधन को अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही कनौन क्षेत्र में सरकारी बस सेवा बहाल नहीं की गई, तो उन्हें प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से बस सेवा बहाल की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और आम जनता की दिनचर्या फिर से सामान्य हो सके।












