सुरभि न्यूज़
चांदपुर/बिलासपुर
कल्याण कला मंच बिलासपुर की मासिक गोष्ठि उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल एवं प्रलय द्रष्टा मारकंडे की पावन धरा मार्कण्डेय के सभागार में आयोजित की गई। इस मासिक गोष्ठि में मुख्यातिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष और एक्स सूबेदार बुद्धि सिंह ठाकुर ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल और सेवा निवृत्त डी पी ई राम पाल धीमान ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आगाज मां शारदे और काले बाबा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। प्रसिद्ध गायक प्रकाश चन्द शर्मा ने सरस्वती वन्दना प्रस्तुत की। मंच के पूर्व में प्रबंधक रहे स्व0 चन्द्र शेखर पंत पर केंद्रित रही इस मासिक गोष्ठी में नम्होल क्षेत्र के साहित्यकार एवं कवि देवेन्द्र राजपूत की पुस्तक मां की ममता का विमोचन ज़िला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल, मुख्यातिथि एक्स सूबेदार बुद्धि सिंह ठाकुर, विशिष्ट अतिथि राम पाल धीमान, मंच के निदेशक सुरेन्द्र मिन्हास तथा अध्यक्षा तृप्ता कौर मुसाफ़िर द्वारा किया गया। करीब 40 कवियों की उपस्थिति में जहां मां की ममता पुस्तक का विमोचन हुआ वहीं दूसरी ओर सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।
एक्स सूबेदार बुद्धि सिंह ठाकुर को काले बाबा बीर योद्धा एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उत्कृष्ट सामाजिक सेवा पुरस्कार से अलंकृत किया गया। सेवा निवृत्त डी पी ई राम पाल धीमान को भी सामाजिक सेवा हेतु उत्कृष्ट सामाजिक सेवा पुरस्कार से अलंकृत किया गया। मंच के निदेशक सुरेन्द्र मिन्हास और मुख्य संरक्षक अमरनाथ धीमान की अगुआई में ये पुरस्कार दोनों विभूतियों को प्रदान किए गए।
मां की ममता पुस्तक की समीक्षा साहित्यकार मनोज कुमार शिव और मुख्य संरक्षक अमरनाथ धीमान द्वारा की गई। स्वर्गीय चन्द्र शेखर पंत की स्मृति में आयोजित इस गोष्ठी में मंच के निदेशक सुरेन्द्र मिन्हास द्वारा पन्त पर आधारित कुछ संस्मरण गोष्ठी में प्रस्तुत किए गए। इस पावन अवसर पर स्वर्गीय चंद्र शेखर पंत की बेटी व एच ए एस अधिकारी कविता ठाकुर और कल्याण कला मंच बिलासपुर के अधिकांश कलाकारों और साहित्यकारों ने भाग लिया।













