जिला कुल्लू के जलोड़ी पास के रघुपुर गढ़ में हिम तूफ़ान में फँसे पर्यटक, रेस्क्यू के लिए पहुंची स्थानीय टीम, सभी पर्यटक सकुशल 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, बंजार

हिमाचल प्रदेश के ऊँचे इलाकों में लंबे अंतराल बाद अचानक आए भीषण हिम तूफ़ान ने एक बार फिर पहाड़ी मौसम की गंभीरता को उजागर कर दिया है। जलोड़ी पास स्थित रघुपुर गढ़ (रघुपुर फ़ोर्ट) की लोकेशन पर कुछ पर्यटक टेंट लगाकर रुके हुए थे, जो तेज़ बर्फ़बारी और तेज़ हवाओं के कारण वहीं फँस गए हैं। बताया जा रहा है कि 5 पर्यटक सहायता की माँग कर रहे हैं और उन्होंने मदद के लिए वीडियो संदेश भी साझा किया है।

स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि जो भी संभव हो, मानवीय आधार पर इन पर्यटकों की सहायता करें, क्योंकि इस समय क्षेत्र में लगातार बर्फ़बारी और तेज़ हवाएँ चल रही हैं, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए हैं।

जिला कुल्लू के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में अचानक मौसम खराब होने पर भारी हिमपात, बारिश, आंधी तूफान, व्हाइटआउट जैसी स्थिति और कई संपर्क सड़कें बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं। विशेष रूप से मनाली, जीभी घाटी, तीर्थन घाटी, सैंज घाटी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बर्फ़बारी के चलते सड़कों पर फिसलन और दृश्यता कम हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

आम जनता और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से अपील की है कि लोग अपने घरों या होटलों में ही रहें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। मौसम सामान्य होने तक तीर्थन घाटी, सैंज घाटी, जिभी, मनाली तथा आसपास के ऊँचाई वाले मार्गों और गाँवों में सभी साहसिक गतिविधियों और गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने की निम्न सलाह दी गई है।

यात्रा से पहले स्थानीय मौसम की जानकारी अवश्य लें, सुरक्षित ठहराव स्थलों में ही रहें, प्रशासन पुलिस और रेस्क्यू एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें, बर्फ़ीले इलाकों में केवल गूगल मैप्स पर निर्भर न रहें, पहाड़ों का सम्मान करें, वे सुंदर हैं, लेकिन कठिन और जोखिम भरे भी हैं

राहत की बात यह है कि रघुपुर फ़ोर्ट में फँसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए स्थानीय लोगों की एक टीम रघुपुर फ़ोर्ट में पहुँच चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि शीघ्र ही सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचा लिया जाएगा। प्रशासन और पुलिस स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं और आमजन से सहयोग की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *