सुरभि न्यूज
कुल्लू, 24 जनवरी
जिला कुल्लू की लगघाटी से जिला मंडी के जोगिंदर नगर को जोड़ने वाली भूभुजोत टनल के निर्माण की सैद्धांतिक मंजूरी मिल जाने से जोगिंदर नगर व कुल्लू वासियों के लिए एक सुखद खबर है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष भूभुजोत टनल की मांग उठाने के बाद, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह परियोजना हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले और कुल्लू जिले को जोड़ेगी, जिससे जोगिंदर नगर क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
भूभुजोत टनल परियोजना की मांग पूर्व कांग्रेस सचिव जीवन ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष बहुत लम्बे समय से रखी थी। अब NHAI की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद, जोगिंदर नगर के विकास और पर्यटन के लिए एक गौरव की बात है।
कुल्लू की लगघाटी से 9800 फूट की ऊँचाई पर निर्माणधीन इस परियोजना से जोगिंदर नगर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात की सुविधा में सुधार होगा और कुल्लू मनाली जाने में आसानी होगी तथा 55 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। लगभग 2 घंटे में कुल्लू मनाली पहुंचना संभव होगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद, अब परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी और इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है और कहा है कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगी। जीवन ठाकुर जी ने भी भूभुजोत टनल को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने पर खुशी जाहिर की और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू का आभार प्रकट किया।
यह परियोजना जोगिंदर नगर के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात होगी और क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
खास ख़बर :
घटासनी-सिल्ह बुधानी-भुभूजोत-कुल्लू हाईवे सहित भुभू-जोत टनल को भारत सरकार ने दी मंजूरी, विधायक सुंदर ठाकुर ने केंद्र सरकार व सीएम का जताया आभार
कुल्लू, प्रिया शर्माः पठानकोट से लेह लद्दाख जाने वाली सैन्य सामग्री व सैनिकों के कम समय में पहुंचने के लिए लंबे समय से विचाराधीन बहुचर्चित भुभू-जोत टनल व घटासनी से सिल्हबुधानी-भुभू-जोत- कुल्लू हाईवे को रक्षा व भूतल परिवहन मंत्रालय द्वारा स्वीकृति दे दी गई है।
इस हाईवे व टनल के बनने से पठानकोट से लेह लद्दाख सैन्य सामग्री और सैनिकों को पहुंचने में बहुत कम समय लगेगा। उसके साथ ही इस हाईवे व टनल के बनने से कुल्लू, कांगड़ा व मंडी के पर्यटन को पंख लगेंगे। उसी के साथ लोगों को आवागमन में भी काफी सुविधा होगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों भारत सरकार के रक्षा व भूतल परिवहन मंत्रालय ने इस हाईवे व टनल निर्माण को अपनी मंजूरी दे दी है।
इस संबंध में शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर ने इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग व टनल को स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, रक्षा मंत्री तथा केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि यह मंजूरी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निरंतर प्रयासों और सकारात्मक पहल के चलते संभव हो पाई है। कहा कि भुभू-जोत टनल व हाइवे की मंजूरी से क्षेत्र के लोगों, सैलानियों व सेना को बड़ी सुविधा मिलेगी।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस मसले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार और रक्षा मंत्रालय के समक्ष मजबूती से रखा, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस मंजूरी से कुल्लू सहित संबंधित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा।









