सुरभि न्यूज़
शिमला, 14 मार्च
शिमला के तारादेवी बायपास के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगर निगम शिमला की स्वास्थ्य विभाग की एक गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में गाड़ी चला रहे चालक गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद गौरव को खाई से बाहर निकाला गया।प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया, जहाँ फिलहाल उनका इलाज जारी है। प्रशासन दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुट गया है।











