सुरभि न्यूज़
जोगिन्दरनगर, जिला मण्डी
पुलिस थाना जोगिन्दरनगर की टीम द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक व्यक्ति पर कार्यवाही करते हुए उसके रिहायशी मकान से 110 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी जोगिंदर नगर साकिनी कपूर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं नाकाबन्दी के दौरान शानन पावर हाउस के समीप मौजूद थी, तभी विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सियूरी गांव के एक व्यक्ति के रिहायशी मकान में अवैध रूप से चरस रखने एवं बेचने का कार्य कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नियमानुसार आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण की गईं तथा स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में उक्त व्यक्ति के रिहायशी मकान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से उसके घर के रसोईघर से लगभग 110 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस द्वारा मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई गई तथा बरामद मादक पदार्थ को कब्जा पुलिस में लिया गया।
आरोपी की पहचान शिशु पाल पुत्र श्री खन्नु राम, निवासी गांव सियूरी, डाकघर मझारनू, तहसील जोगिन्दरनगर, जिला मण्डी (हि.प्र.), उम्र 54 वर्ष के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना जोगिन्दरनगर में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है। आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार आगे की जांच जारी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि उक्त मादक पदार्थ की आपूर्ति एवं नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्ति कौन-कौन हैं।
पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्यवाही भविष्य में भी जारी रहेगी। आम जनता से अपील की जाती है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










