नौ दिवसीय कत्थक नृत्य कार्यशाला का समापन समारोह आयोजित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अर्णप्त, कुल्लू

सूत्रधार कला संगम कुल्लू द्वारा आयोजित नौ दिवसीय कत्थक नृत्य कार्यशाला का समापन समारोह सूत्रधार भवन सभागार में बड़ी धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने कार्यशाला के दौरान सीखे गए कत्थक नृत्य की बारीकियों का आकर्षक प्रदर्शन किया। कार्यशाला का संचालन अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कत्थक नृत्य विशेषज्ञ पं० तापश देबनाथ द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को कत्थक नृत्य की बारीकियों एवं पारंपरिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया। इस समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षुओं को सूत्रधार कला संगम कुल्लू की ओर से सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किये गये।

कार्यशाला में तारा, मोहिनी, सोनाक्षी, विभूति, स्वाति, श्रीजा, पलक, कादम्बिनी, रीना, भारती, कनिका, सुबुही, अनवेशा, कृष्टि सूद, इशिका कांडा, शैलजा रैना एवं मान्या ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन द्वारा कत्थक गुरू पं० तापश देबनाथ को कुल्लवी परम्परा अनुसार शाल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं द्वारा शुद्ध कत्थक तराना, ठुमरी, गुरू बंदना आदि प्रस्तुत किये गये।

कार्यक्रम में तबले पर अमित महंत, बांसुरी पर निशांत गौतम व हारमोनियम तथा गायन में पं० विद्या सागर ने सहयोग किया। इस दौरान अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि सूत्रधार के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में कत्थक गुरू पं० तापश देबनाथ के निर्देशन में तैयार कत्थक नृत्य की प्रस्तुति भी दी जाएगी।

समापन कार्यक्रम पश्चात सूत्रधार कला संगम कुल्लू की कार्यकारिणी बैठक संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें संरक्षक मण्डल सदस्य राजेन्द्र सूद सहित अध्यक्ष दिनेश सेन, उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, भण्डार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मोनिका सागर, मंजुलता शर्मा, यशोदा शर्मा व हितेश गोगी, प्रचार-प्रसार सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुदेश कुमार एवं कैप्टन रणधीर सल्हुरिया, प्राचार्य संगीत अकादमी पं० विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य निशांत गौतम, जीवन बुडाल व संजय पुजारी तथा प्रबन्धक उत्तम चन्द उपस्थित रहे ।

बैठक में 49वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव की तैयारियों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस 49वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव के अंतर्गत कुल्लू के ऐतिहासिक लाल चन्द प्रार्थी कला केन्द्र एवं अटल सदन में भव्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन 21 जून से 23 जून तक किया जाएगा। बैठक दौरान इस उत्सव के सफल आयोजन हेतु दो उपसमितियों का गठन किया गया, जिसमें आतरिंक समिति कार्यक्रम की रूपरेखा, विधालयों से समन्वय तथा पत्राचार आदि का कार्य देखेगी तथा बाह्य समिति वितीय व्यवस्था एवं प्रचार-प्रसार की व्यवस्था देखेगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वर्षगांठ उत्सव के दौरान संस्था के ”नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” अभियान को विशेष रूप से जन-जागरूकता से जोड़ा जाएगा। इन सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा कला, संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा। संस्था का मानना है कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और नशा मुक्त समाज के निर्माण में कला एवं संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *