देवभूमि में शुद्ध हवा व पर्यावरण अधिक से अधिक पौधे रोपित करने से ही संभव होगा – संजय भुटानी 

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
शिमला, 3 जून
त्रिवेणी बाबा के सान्निध्य में शिमला स्थित हरियाणा अतिथि गृह में मीडिया वैलबीइंग एसोसिएशन के नार्थ इंडिया सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सीनियर जर्नलिस्ट संजय भुटानी ने पत्नी मुक्ता व अन्य संग त्रिवेणी (बड़, पीपल व नीम – त्रिवेणी) रोपित की। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि देवभूमि हिमाचल में त्रिवेणी रोपित की गई। भुटानी ने कहा कि देवभूमि हमें शुद्ध पर्यावरण का अच्छा संदेश देती है और यह अधिक से अधिक पौधे रोपित करने से ही संभव है।
विख्यात त्रिवेणी बाबा ने कहा कि आज यहां त्रिवेणी लगाते हुए हर्ष हो रहा है और यहां आने वाले सभी पर्यटकों से आह्वान है कि वे देश के किसी भी कोने से आएं, अपने साथ एक पौधा लेकर आएं और उसे यहां लगाएं ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी भी यहां पर्यटक के रूप में आ सके।
विदित है कि त्रिवेणी बाबा ने एक ऐसी मुहिम की शुरुआत की, जिसका प्रभाव  अब न केवल हरियाणा बल्कि पूरे संपूर्ण भारत में दिख रहा है। बाबा पर पर्यावरण बचाने का जुनून इतना सवार है कि पिछले 35  वर्षों में ऐसा कोई दिन  नहीं होग, जिस दिन एक त्रिवेणी या कम से कम एक पौधा न लगाया हो।
आज तक त्रिवेणी बाबा जन-जन के सहयोग से 5 लाख त्रिवेणी व 50  लाख के आसपास पौधे  लगा चुके हैं। इनका लक्ष्य एक करोड़ पौधे व 10  लाख त्रिवेणी लगाकर त्रिवेणी के महत्व को ग्लोबल पहचान दिलवाना  है। त्रिवेणी बाबा ने पिछले 3  दशकों से न केवल स्वयं पौधारोपण किया बल्कि इस कार्यक्रम को संस्कारों, रीति रिवाजों एवं रस्मों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
त्रिवेणी बाबा का मानना है  कि हर व्यक्ति  को प्रकृति बचाने के लिए पांच कामों की शुरुआत आज से ही कर देनी होगी। पहला अपना जन्म दिन पेड़ लगाकर मनाना व अपने जीवन में कम से कम एक त्रिवेणी लगाना। दूसरा अपने दैनिक जीवन में पानी का सदुपयोग करना। तीसरा प्लास्टिक की जगह कपड़े या जूट के थैले का प्रयोग करना। चौथा ऊर्जा की बचत व पांचवा भोजन की  बर्बादी रोकना। इस अवसर पर अतिथि गृह कर्मचारी अमर सिंह, मीनू शर्मा, अजीत सिंह, राकेश व अमन भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *