सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 5 जून
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगान में स्नो लैंड स्काउट एंड गाइड ओपन ग्रुप कुल्लू के रोवर-रेंजर द्वारा पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रेंजर विंग की चेयरपर्सन नेहा शर्मा ने किया।
जिस स्थान पर पौधारोपण किया गया, वह क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है। बीते वर्ष भारी वर्षा के कारण यहां भूस्खलन की घटनाएं हुई थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए मिट्टी के कटाव को रोकने एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नेहा शर्मा,चेयरपर्सन टीम कौंसिल, कहा कि केवल एक दिन पर्यावरण दिवस मनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रतिदिन छोटे-छोटे प्रयास करना अत्यंत आवश्यक है।
पौधारोपण के उपरांत स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें रास्तों पर फैले प्लास्टिक एवं अन्य कूड़े-कचरे को एकत्रित कर उचित तरीके से निस्तारित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार ठाकुर ने स्नो लैंड स्काउट एंड गाइड ओपन ग्रुप के कार्यों की सराहना करते हुए विद्यालय के साथ मिलकर किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु अनुमति एवं सहयोग प्रदान करने के लिए विद्यालय प्रशासन का धन्यवाद किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ के साथ साथ सीनियर रोवर सोनू , एवं रेंजर चांद, और दीपांशी भी मौजूद रहे |















