सूत्रधार कला संगम रजत जयंती वर्षगांठ उत्सव को “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” थीम पर करेगा आयोजित : दिनेश सेन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू

सूत्रधार कला संगम कुल्लू द्वारा वर्ष अपनी रजत जयंती वर्षगांठ उत्सव से कुल्लू घाटी के युवाओं और बाल प्रतिभाओं को कला संस्कृति व समाज सेवा के माध्यम से रचनात्मक कार्यों में संलिप्त किया जा रहा है। ताकि वे दुर्व्यसनों से बचे रहे। इसी कड़ी में 49वें सूत्रधार वर्षगांठ का थीम भी “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” रखा गया है।

मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए सूत्रधार कला संगम के अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि इसी आशय के साथ 49वां सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव, जोकि 21 से 23 जून तक ऐतिहासिक लालचंद प्रार्थी कला केंद्र और अटल सदन कुल्लू में आयोजित किया जा रहा है। बताया कि अटल सदन में शास्त्रीय गायन, नाटक व फैंसी ड्रेस की प्रतियोगिता आयोजित होगी। जबकि अन्य सभी प्रतियोगिताएं ऐतिहासिक लालचंद प्रार्थी कला केंद्र कुल्लू में आयोजित होगी।

उन्होंने कुल्लू की समस्त जनता व कलाप्रेमियों से आग्रह किया है कि इस कार्यक्रम में पधारकर इस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लें और युवाओं की प्रतिभाओं को देखकर उनका उत्साहवर्धन करें।

सेन ने बताया कि सूत्रधार कला संगम कुल्लू 21 जून 2026 को अपने स्थापना के 49 वर्ष पूर्ण कर स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। इस 49वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जनपद की विभिन्न पाठशालाओं के लगभग 1500 बच्चे 12 विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शिरकत करेंगे। बताया कि इस कार्यक्रम की विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय मूल्यांकन के लिए हिमाचल प्रदेश तथा दूसरे राज्यों से भी अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बहुमुखी प्रतिभा सम्पन्न निर्णायकों को निर्णायक मंडल में जोड़ा गया है। अलग-अलग विधाओं के लिए अलग-अलग पैनल बनाए गए हैं। ताकि बच्चों के हुनर को अच्छे से देखा व परखा जाए।

दिनेश सेन ने बताया कि वर्षगांठ उत्सव के दौरान संस्था के “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” अभियान को विशेष रूप से जन जागरूकता से जोड़ा जाएगा। वहीं, इन सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने व कला, संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस बार इन सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ दलों को आकर्षक ट्रॉफियों तथा विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रास करने वाले सर्वश्रेष्ठ दलों के अतिरिक्त सभी विभिन्न श्रेणियों में भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा साथ ही प्रमाण पत्र भी दिये जायेंगे।

इस मौके पर सुबोध सूद, रणधीर सलहुरिया, युवराज बौद्ध, धर्मेंद्र शर्मा, श्याम सुंदर महंत आदि मौजद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *