जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए आवेदन आमंत्रित

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
शिमला, 18 जुलाई
नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST)-2027 हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभिभावक अपने बच्चों का आवेदन 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन कर सकते हैं।
स्कूल प्रधानाचार्य रोशन लाल ने बताया कि चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को देशभर के जवाहर नवोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाएगी।
पात्रता के अनुसार अभ्यर्थी संबंधित जिले का वास्तविक निवासी होना चाहिए तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी ने कक्षा 3, 4 एवं 5 की पढ़ाई पूर्ण शैक्षणिक सत्र के रूप में की हो।
जवाहर नवोदय विद्यालय देश के प्रत्येक जिले में संचालित सह-शिक्षा आवासीय विद्यालय हैं, जहां विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन, पुस्तकें एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। विद्यालयों में खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स सहित व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल दिया जाता है।
नवोदय विद्यालय समिति ने सभी पात्र अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने का आग्रह किया है, ताकि योग्य एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थी इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकें। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए https://navodaya.gov.in वेबसाइट देखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *