सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, सैंज /कुल्लू, 28 जुलाई
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के 2 दिवसीय कुल्लू दौरे का आज पहला दिन रहा। दौरे के पहले दिन मंत्री सैंज घाटी के ग्राम पंचायत कनौन के तरेड़ा गांव पहुंचे, जहाँ स्थानीय ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सैंज घाटी को करोड़ों की सौगात दी। तरेड़ा में 1 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वैली ब्रिज का शिलान्यास मंत्री ने किया। इस पुल के बनने से आसपास की कई पंचायतों के लोगों को आवाजाही में बड़ी सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही मंत्री ने सुचेहण से शांघड़ तक 8 किलोमीटर सड़क के अपग्रेडेशन कार्य का भी शिलान्यास किया। इस पर 1 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत आएगी। इस सड़क के सुधरने से शांघड़ घाटी में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
शिलान्यास के बाद तरेड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सैंज घाटी के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सड़कों को बेहतर करना उनकी प्राथमिकता है। जनसभा में सैंज घाटी की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे।












